फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पुलिस ने देशी शराब से भरी कैंटर पकड़ी, 4560 बोतल बरामद

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

चरखी दादरी/बौंदकलां। बौंदकलां पुलिस ने रानीला-पिलाना अप्रोच मार्ग से देसी शराब से भरी एक कैंटर पकड़ी है। कैंटर से देसी शराब की 380 पेटी बरामद हुई हैं। इसकी मार्केट कीमत करीब साढ़े पांच लाख रुपये बताई जा रही है। कैंटर चालक पुलिस टीम को गच्चा देकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने इस संबंध में आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पकड़ी कैंटर का भिवानी के बिधवान गांव निवासी सुरेंद्र के नाम रजिस्ट्रेशन है। फिलहाल आरोपी चालक का पता लगाने के लिए पुलिस प्रयासरत है।
जानकारी के अनुसार बौंदकलां के एएसआई को शुक्रवार शाम शराब तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी। उन्हें मुखबिर ने सूचना दी कि एक लाल रंग की कैंटर पिलाना से होकर रानीला की तरफ आ रही है। अगर तुरंत नाकाबंदी की जाए तो भारी मात्रा में शराब पकड़ी जा सकती है। इसके तुरंत बाद हेड कांस्टेबल सुरेंद्र और एक अन्य पुलिसकर्मी ने नाकाबंदी कर दी। इसी दौरान उन्हें एक लाल रंग की कैंटर आती दिखाई दी। पुलिस कर्मियों ने रोकने का इशारा किया तो चालक ने नाके से पहले ही गाड़ी रोक दी और उतरकर वहां से फरार हो गया। पुलिस कर्मियों ने बताया कि उन्होंने खेतों की तरफ भागे चालक का पीछा भी किया लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर वह मौके से भागने में कामयाब हो गया। इसके बाद पुलिस कर्मियों ने कैंटर के पीछे रखे सामान की तलाशी लेनी चाही तो इसमें गत्ते की पेटियां नजर दिखाई दी। इन्हें खोलने पर इनके अंदर माल्टा मार्का की देशी शराब होने की पुष्टि हुई है। इसके तुरंत बाद वहां मौजूद पुलिस कर्मचारियों ने मामले की सूचना बौंदकलां थाना पुलिस को दी। पुलिस कर्मियों ने जब कैंटर के केबिन की जांच की तो इसमें से एक मोबाइल भी बरामद हुआ। इसके तुरंत बाद पुलिस ने अवैध शराब से भरी गाड़ी को कब्जे में ले लिया। पुलिस जांच के अनुसार वाहन में अवैध देसी शराब की 380 पेटी मिली। जब पेटियां के अंदर रखी शराब की गिनती की गई तो इनमें 4560 बोतलें मिली।
विज्ञापन


मोबाइल फोन से खुलेगा तस्करी का राज
शराब से भरी गाड़ी में मिला मोबाइल फोन ही पूरे मामले की परतें खोलेगा। इतनी भारी मात्रा में शराब कहां से लाई गई थी और इसे किस जगह पर पहुंचाया जाना था इसका पता चालक के पकड़ में आने के बाद चल जाएगा। पुलिस का अनुमान है कि ड्राइवर सीट के पीछे मिला मोबाइल चालक का हो सकता है। पुलिस ने मोबाइल को कब्जे में लेकर जांच के लिए साइबर सेल भेज दिया है। मोबाइल की आईडी भिवानी के बापोड़ा निवासी बिंटू के नाम पर है।

कब-कब जिले से पकड़ी गई भारी मात्रा में शराब
- सीआईए टीम ने करीब एक साल पहले महेंद्रगढ़ चुंगी के समीप से अवैध अंग्रेजी शराब लेकर जा रहे एक ट्रक को पकड़ा था। इसमें शराब तस्करी के लिए अलग से कैबिन बनाया गया था जिससे करीब 300 पेटी शराब बरामद की थी।
- गांव चरखी में सीआईए टीम ने करीब दो साल पहले सस्ती से महंगी शराब तैयार करने के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया था। पुलिस को यहां से भारी तादाद में नैना मार्का की शराब, खाली बोतलें, सील लगाने की मशीन बरामद हुई थी।
- करीब चार माह पहले सदर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गांव भागवी में मिलावटी शराब तैयार करने की फैक्टरी का भंडाफोड़ किया था। पुलिस को यहां से क्रजी रोमियो व देशी शराब की कई पेटियां बरामद हुई थी।
- करीब पांच माह पहले ही बाढड़ा थाना पुलिस ने भी खेत के एक कमरे से भारी तादाद में देशी शराब बरामद की थी। पुलिस द्वारा कब्जे में ली गई शराब को शराब माफिया ने लूट लिया था। बाद में पुलिस ने लूटी गई शराब भिवानी जिले से बरामद की थी।
विज्ञापन


चल रही जांच, जल्द करेंगे खुलासा : एसएचओ
पुलिस ने रानीला पिलाना मार्ग स्थित पुलिस नाके पर अवैध शराब से भरी टाटा कैंटर को पकड़ा है। पुलिस अवैध शराब लेकर जा रहे चालक का पता लगाने में जुटी हुई है। कैंटर से बरामद मोबाइल फोन को भी जांच के लिए साइबर सेल भेज दिया है। पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा कर देगी। -राजेंद्र सिंह, एसएचओ
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें