अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
घसोला निवासी मृतक रिटायर्ड बिजलीकर्मी अत्तर सिंह के कपड़े पुलिस को शुक्रवार देर शाम उसके घर से करीब 450 मीटर दूर एक होद में पड़े मिले हैं। वहीं, पोस्टमार्टम के बाद विसरा रिपोर्ट भी जांच के लिए पुलिस ने मधुबन भेज दी है। सदर थाना पुलिस की मानें तो प्राथमिक जांच में चिकित्सकों ने मौत का कारण सिर में लगी गहरी चोट बताया है। पुलिस टीम ने जब घसोला गांव पहुंचकर जांच की जहां मृतक के कपड़े मिले हैं उससे करीब 20 कदम दूर दीवार और पत्थरों पर खून के छींटे पाए गए हैं। अंदेशा है कि हत्याकांड से पहले मृतक की हमलावरों के साथ हाथापाई भी हुई है और इस दौरान उसके कपड़े भी फट गए। मामले के पटाक्षेप के लिए पुलिस की दो टीमें जांच में जुटी हुई हैं।
ज्ञात रहे कि शुक्रवार अलसुबह घर के बाहर बने कमरे में अत्तर सिंह लहुलूहान अवस्था में परिजनों को चारपाई पर मिला था। उसे लेकर परिजन पहले एक निजी अस्पताल और फिर सिविल अस्पताल पहुंचे थे। इस दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। मृतक के भाई राजेंद्र सिंह के बयान पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया था।
जांच अधिकारी एसआई राजबीर ने बताया कि मृतक के कपड़े पुलिस ने गांव में ही बने एक छोटे होद से बरामद कर लिए हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस को होद से शर्ट, पायजामा व जूती मिली हैं। मृतक के कपड़े जहां से बरामद हुए हैं उससे करीब 20 कदम दूरी पर दीवार पर खून लगा हुआ है।
उन्होंने बताया कि मृतक अत्तर सिंह के साथ हमलावरों ने पहले छीना-झपटी भी की है। पुलिस को शनिवार तक मृतक का मोबाइल तक नहीं मिला। एसआई राजबीर सिंह ने बताया कि हाथापाई में अत्तर सिंह की शर्ट के दो बटन भी टूटकर गिर गए थे। मृतक के साथ जहां हाथापाई हुई है वहां दो पुराने मकान हैं जिनमें कोई नहीं रहता। इसके अलावा मौत का कारण सिर में लगी गहरी चोटें हैं। वारदातस्थल से पुलिस को खून से सनी ईंट भी मिली है।
कॉल डिटेल खोल सकती है मौत का राज
मृतक अत्तर सिंह का मोबाइल अब तक पुलिस के हाथ नहीं लग पाया है। पुलिस का अनुमान छीना-झपटी के दौरान हमलावर उसका फोन साथ ले गए। हत्याकांड को ट्रेस आउट करने के लिए पुलिस ने मृतक के फोन की कॉल डिटेल भी मंगवाई है ताकि पता चला सके कि उसके घर से किसने फोन कर बाहर बुलाया था। पुलिस सूत्रों की मानें तो कॉल डिटेल से मामले को ट्रेस आउट करने में काफी मदद मिलेगी।
वर्जन
मामले की जांच में चरखी दादरी सदर थाना पुलिस व सीआईए टीम जुटी हुई है। हमने मृतक के कपड़े बरामद कर लिए हैं। कॉल डिटेल आने का हमें इंतजार है और इससे जांच आगे बढ़ाने में मदद मिल सकती है। जल्द वारदात को ट्रेस कर लिया जाएगा।
- राजबीर सिंह, कार्यवाहक सदर थाना प्रभारी।