जानलेवा हमला करने के आरोप में केस दर्ज
बहादुरगढ़। शहर के जटवाड़ा मोहल्ला निवासी एक युवक ने कुछ युवकों पर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने उसकी शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में जटवाड़ा निवासी संदीप ने कहा है कि मंगलवार की रात करीब 10 बजे वह कबाड़ी मार्केट से जटवाड़ा जा रहा था। वह कबाड़ी मार्केट रोड पर पहुंचा ही था कि वहां कुछ युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया। उक्त युवक उसे वहां से जबरन कुछ दूर स्थित एक दुकान पर ले गए। उनमें से एक युवक ने पिस्तौल का बट सिर में मारा और इसके बाद सभी ने मारपीट शुरू कर दी। भागने लगा तो युवक ने पीछे से गोली चला दी। इस जानलेवा हमले में वह बाल बाल बच गया और गोली सामने एक दुकान के शटर पर जा लगी। किसी तरह वह जान बचाकर वहां से निकल गया और अस्पताल में पहुंचा। वहां से डाक्टरों ने पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया।
संदीप का कहना है कि उसे उक्त युवकों से जान का खतरा है। पुलिस जल्द से जल्द उन्हें गिरफ्तार करे। शहर के निवासी कुलदीप, सन्नी और उसके साथियों पर मारपीट, धमकी देने, जान लेवा हमला करने सहित कई धाराओं के तहत सिटी थाने में केस दर्ज हुआ है। थाना प्रभारी सुमित कुमार ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को काबू किया जाएगा।