अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
उपायुक्त के आदेशों के बावजूद सोमवार को जिले के ज्यादातर निजी स्कूल खुले रहे। अपनी मां व बड़े भाई के साथ स्कूल जा रहे एक दूसरी कक्षा के छात्र को तेज रफ्तार गाड़ी ने कुचल दिया। हादसे में छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। सदर थाना पुलिस ने मृतक के पिता के बयान पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। दूसरी ओर उपायुक्त के स्कूल बंद रखने के आदेशों की स्कूल संचालकों द्वारा धज्जियां उड़ाने पर भी शिक्षा विभाग की तरफ से कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई। उपायुक्त ने गत शनिवार को 28 से 31 मई तक जिले के सभी स्कूलों को बंद रखने के आदेश जारी किए थे।
जानकारी के अनुसार गांव बिरही कलां निवासी अध्यापिका गीता अपने बेटे समर व अमन को गांव खेड़ी बूरा स्थित एक निजी स्कूल में लेकर जा रही थी। अध्यापिका इसी स्कूल में ही कार्यरत है। वह गांव बिरही कलां सेे बच्चों को साथ लेकर ऑटो में सवार होकर गांव खेड़ी बूरा के लिए चली थी। गांव खेड़ी बूरा स्टैंड पर उतरने के बाद मां गीता व दोनों बेटों के साथ स्कूल की ओर जाने लगे। मृतक छात्र समर के पिता पवन ने बताया कि उसकी पत्नी व बड़ा बेटा साथ थे जबकि छोटा बेटा समर महज कुछ कदम दूर था। इसी दौरान दादरी की तरफ से एक तेज रफ्तार डिजायर कार आई और समर को टक्कर मार दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत उपचार के लिए सिविल अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मामले की सूचना पाकर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक समर के पिता पवन कुमार के बयान दर्ज किए। पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। बालक के शव का सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया गया। विदित रहे शनिवार को जिला प्रशासन ने जिले में सभी सरकारी व गैर सरकारी स्कूलों में गर्मी के मौसम को देखते हुए अवकाश घोषित कर रखा है। छुट्टी के दिन भी उक्त प्राइवेट स्कूल लगा हुआ था।
स्कूल खोलने वाले संचालकों पर होगी कार्रवाई
कार्यकारी डीईओ जयप्रकाश सभ्रवाल ने बताया कि शनिवार को छुट्टी के आदेश जारी हुए थे। बच्चों को छुट्टी की सूचना नहीं मिल सकी थी, इस वजह से सोमवार को अधिकतर बच्चे स्कूलों में पहुंच गए। विभाग व प्रशासन की यह भी हिदायत है कि अगर किसी स्कूल में मासिक टेस्ट व अन्य परीक्षा चल रही है तो यह सुबह के समय ही संपन्न कराई जाए। मंगलवार को क्षेत्र के प्राइवेट स्कूलों का स्वयं दौरा करेंगे और जो स्कूल खुला मिला उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
वर्जन::
मृतक छात्र समर के पिता पवन ने पुलिस को शिकायत सौंपी है। इस आधार पर पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-अनिल कुमार, हेड कांस्टेबल सदर पुलिस थाना