बाइक सवार दंपति को लकड़ियों से भरे ट्रक ने कुचला
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
दादरी-महेंद्रगढ़ मुख्यमार्ग पर गांव मंदोली के समीप लकड़ियों से भरे एक ट्रक ने बाइक सवार दंपति को कुचल दिया। घटना में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान महेंद्रगढ़ जिले के गांव ऊंची भांडोर निवासी नरेंद्र और प्रियंका के रूप में हुई है। इन दोनों की शादी करीब सात माह पहले ही हुई थी। आदमपुर चौकी पुलिस ने दोनों के शव सिविल अस्पताल में रखवा दिए हैं। वहीं, आरोपी चालक मौके से वाहन सहित फरार हो गया जिसे करीब दो किलोमीटर दूर जाकर वाहन चालकों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने हादसे के प्रत्यक्षदर्शी के बयान दर्ज कर लिए हैं। शव का पोस्टमार्टम बुधवार सुबह कराया जाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ऊंची भांडोर निवासी नरेंद्र (25) अपना पत्नी प्रियंका के साथ बाइक पर सवार होकर रोहतक गया था। मंगलवार दोपहर वह रोहतक से वापस अपने गांव आने के लिए चला था। दोपहर करीब डेढ़ बजे वह चरखी दादरी से निकलकर गांव मंदोली के समीप ही पहुंचा था कि इसी दौरान पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इससे नरेंद्र अपना संतुलन खो बैठा और दोनों बाइक सहित सड़क पर जा गिरे। इसी दौरान ट्रक के पिछले टायरों का जोड़ा उनके सिर के ऊपर से गुजर गया। घटना में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के तुरंत बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। ट्रक के पीछे अपनी गाड़ी में चल रहे राजकीय अध्यापक संघ के जिला अध्यक्ष सत्यवान शास्त्री ने ट्रक का पीछा कर करीब दो किलोमीटर चलने के बाद मंदोला के समीप रुकवा लिया और आरोपी चालक को आदमपुर पुलिस चौकी में ले गए। इसके बाद आदमपुर पुलिस चौकी टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को एंबुलेंस में रखवाकर सिविल अस्पताल पहुंचाया और दुर्घटनाग्रस्त बाइक व ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने जब मृतक युवक के कपड़ों की जांच की तो उसकी पहचान महेंद्रगढ़ ऊंची भांडोर निवासी नरेंद्र के रूप में हुई। वहीं, मृतक महिला की पहचान प्रियंका पत्नी नरेंद्र के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने मृतकों के परिजनों से संपर्क साधा। इस दौरान परिजनों ने बताया कि वो दोनों किसी काम से बाइक पर सवार होकर रोहतक गए थे। वहीं, देर शाम मृतकों के परिजन भी आदमपुर पुलिस चौकी पहुंच गए। इस संबंध में आदमपुर पुलिस चौकी इंचार्ज देवेंद्र डबास ने बताया कि दोनों की शादी करीब छह-सात माह पूर्व हुई थी और वो रोहतक से वापस अपने गांव ऊंची भांडोर लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि प्रत्यक्षदर्शी सत्यवान शास्त्री के पुलिस ने बयान दर्ज कर लिए हैं और शवों का पोस्टमार्टम बुधवार सुबह कराया जाएगा।
आंखों के सामने ट्रक से मिली बाइक सवार दंपति को मौत
घटना के प्रत्यक्षदर्शी सत्यवान शास्त्री ने बताया कि वे अपनी गाड़ी लेकर ट्रक के पीछे चल रहे थे। ओवरटेक करते समय ट्रक चालक ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी और बाइक सवार अपना संतुलन खो बैठा। ट्रक के टायर पहले महिला तो फिर बाइक चालक के सिर के ऊपर से गुजर गए। दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया और ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। ट्रक का पीछा किया और करीब दो किलोमीटर चलकर मंदोला के समीप रुकवा लिया। आरोपी चालक को बिना मारपीट किए आदमपुर पुलिस चौकी में ले आए और पुलिस को सौंप दिया। मेरी आंखों के सामने ट्रक ने बाइक सवार दंपति को कुचल डाला।
वर्जन::
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और ट्रक को कब्जे में ले लिया है। ट्रक लकड़ियों से भरा हुआ था। मृतक के परिजन चौकी पहुंच चुके हैं और शव की शिनाख्त हो चुकी है। - देवेंद्र डबास, आदमपुर पुलिस चौकी इंचार्ज