सामान्य अस्पताल में कोरोना जांच के लिए अपनी बारी का इंतजार करते लोग।
- फोटो : Jhjhar
जिले में वीरवार को 19 नये कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। जबकि 6 संक्रमित मरीज स्वस्थ घोषित किए गए। अब झज्जर जिले में कुल 423 पॉजिटिव केस हैं। इनमें से 274 स्वस्थ हो गए और 4 की मौत के बाद अब 145 पॉजिटिव केस सक्रिय हैं।
करीब दो सप्ताह पहले संक्रमित पाए गए 6 लोग वीरवार को जांच के बाद संक्रमण मुक्त घोषित किए गए। स्वस्थ होने वालों में बहादुरगढ़ की कॉलोनी महावीर पार्क व झील मोहल्ला से एक-एक और जोहरीनगर के दो केस शामिल हैं। पुलिस लाइन झज्जर और याकूपुर के दो केस भी ठीक हो गए। वीरवार को कोरोना पॉजिटिव मिलने वालों में प्राइवेट नौकरी करने वाले गांव कुलासी के 30 वर्षीय युवक को एसडीएच बहादुरगढ़ में, गांव आसौदा टोडरान की 76 वर्षीय महिला को पीडीएम अस्पताल बहादुरगढ़ में, आस्कर अस्पताल झज्जर के 23 वर्षीय नर्सिंग कर्मचारी गांव एमपी माजरा निवासी युवक को सामान्य अस्पताल झज्जर में और गांव कबलाना की निवासी आस्कर अस्पताल में नर्सिंग आफिसर 23 वर्षीय युवती को उनके घर में ही आइसोलेट किया गया है।
पटेल पार्क बहादुरगढ़ के 45 वर्षीय व्यक्ति को पीडीएम अस्पताल बहादुरगढ़ में और गांव मुबारिकपुर निवासी 21 वर्षीय युवा सैनिक व इसी गांव की 45 वर्षीय गृहिणी को घर में ही आइसोलेट किया गया है। बहादुरगढ़ शहर के लाइन पार क्षेत्र में भी वीरवार को कई कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए। इनमें गली नंबर-1 शंकर के निवासी 16 वर्षीय छात्र को घर में, विकासनगर निवासी 36 वर्षीय युवक को पीडीएम अस्पताल में और वत्स कॉलोनी निवासी 26 वर्षीय फैक्टरी कर्मचारी को एसडीएच बहादुरगढ़ में भर्ती किया गया है। गांव सिलाना निवासी 32 साल के फिजियोथेरेपिस्ट को गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में, काठ मंडी बहादुरगढ़ निवासी 73 वर्षीय महिला को ब्रह्मशक्ति अस्पताल में और पीजीआई रोहतक में चपरासी एमपी माजरा निवासी 30 वर्षीय युवक को घर में ही आइसोलेट किया गया है। गुरुनानक कॉलोनी बहादुरगढ़ निवासी प्राइवेट कर्मचारी 45 वर्षीय महिला को एसडीएच बहादुरगढ़ में भर्ती किया गया है। झज्जर के मोहल्ला हरीपुरा के 28 वर्षीय कबाड़ी, आर्यनगर झज्जर के 24 वर्षीय डॉक्टर, सुभाषनगर झज्जर के 36 वर्षीय सरकारी कर्मचारी और दूबलधन घिघयान के 25 वर्षीय युवक को घर में ही आइसोलेट किया गया है।
वीरवार को झज्जर जिले का रिकवरी रेट 64.8 फीसदी रहा। जिला स्वास्थ्य विभाग ने वीरवार तक जिले के 11189 लोगों की कोरोना जांच कराई। जिनमें से 443 की रिपोर्ट पॉजिटिव और 10459 की निगेटिव आई। जबकि 287 नमूनों की रिपोर्ट आनी अभी बाकी है। अब तक केवल 250 लोग अस्पतालों में आइसोलेट किए गए और 173 लोगों को होम आइसोलेट किया गया। फिलहाल कुल एक्टिव 145 में से 69 पेशेंट अस्पतालों में भर्ती हैं और 76 को उनके घरों में ही आइसोलेट किया गया है। कुल 274 लोग ठीक हो चुके हैं और चार की मौत हो गई।
सीएमओ डॉ. संजय दहिया ने बताया कि वीरवार को जिले का सैंपल पॉजिटिविटी रेट 4.0 फीसदी रहा। मृत्यु दर 0.9 प्रतिशत है। टेस्टिंग रेशो बढ़कर एक लाख लोगों पर 1017 हो गया। अब तक जिले के 68202 लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है। अब तक 6429 लोगों को सर्विलांस पर रखा गया, जिनमें से 5595 लोग सर्विलांस अवधि पूरी कर चुके हैं और 834 लोग अभी सर्विलांस पर हैं। जिले के 13204 लोग अपने मोबाइल फोन में आरोग्य सेतु एप डाउनलोड कर चुके हैं। केस डबल होने के समय की दर 19 दिन है।