बहादुरगढ़। एक प्रसिद्ध जूता कंपनी के उत्पादों की कॉपी करके बाजार में सामान बेचने वाली एक फैक्टरी में दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा गठित टीम ने छापा मारा। यहां से संबंधित कंपनी की नकल करके तैयार किया गया काफी माल बरामद हुआ। टीम ने माल को सील कर दिया।
टीम ने एचएसआईआईडीसी सेक्टर-17 के प्लॉट नंबर 17 में चल रही एसएनलाइट फुटवियर बनाने वाली कंपनी पर छापा मारा। दरअसल, प्रसिद्ध कंपनी ने दिल्ली उच्च न्यायालय में एक याचिका दायर की थी। इस पर कोर्ट ने संज्ञान लिया और एक कोर्ट कमिश्नर नियुक्त करते हुए कार्रवाई के आदेश दिए। इस पर कोर्ट कमिश्नर की टीम ने उपरोक्त कंपनी में छापा की कार्रवाई करते हुए फैक्टरी में रखे माल को सील कर दिया।
याचिकाकर्ता कंपनी के प्रबंध निदेशक देवेंद्र गुप्ता ने बताया कि भारत के अनेक राज्यों में उनकी कंपनी के जूते-चप्पल बिकते हैं। काफी दिनों से उनकी कंपनी द्वारा तैयार उत्पादों की नकल बाजार में बिकने की शिकायतें आ रही थीं। इस पर पहले उन्होंने अपने स्तर पर जांच की। इसके बाद उन्होंने दो सप्ताह पहले दिल्ली उच्च न्यायालय में एक याचिका दायर की और मामले की जांच अधिकारियों से कराकर उनकी कंपनी द्वारा तैयार किए जाने वाले जूता-चप्पल के डिजाइन का प्रयोग करने के आरोप में फैक्टरी और उसके मालिक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की गुहार लगाई।
कोर्ट ने मामले की सुनवाई करते हुए तुरंत प्रभाव से कार्रवाई करने के लिए कोर्ट कमिश्नर नियुक्त किया। टीम ने बहादुरगढ़ के एचएसआईआईडीसी में स्थित एसएनलाइट फुटवियर कंपनी में छापा मारा और यहां रखे फुटवियर के लगभग तीन हजार कार्टून सील कर दिए। गुप्ता का कहना है कि एसएनलाइट कंपनी काफी समय से उनकी कंपनी द्वारा तैयार किए जा रहे फुटवियर के डिजाइन कॉपी करके उन्हें चूना लगा रही थी। जबकि कंपनी की तरफ से बेहद ही घटिया सामग्री इस्तेमाल की जा रही थी। इससे उनकी कंपनी का नाम खराब हो रहा था।