-फोटो 51 : बहादुरगढ़-झज्जर मार्ग पर बने गड्ढे। संवाद
बहादुरगढ़। कई वर्षों से बदतर स्थिति में बहादुरगढ़-झज्जर के मार्ग के दिन जल्द ही बहुरेंगे। मार्ग पर सरपट वाहन दौड़ेंगे। इसके निर्माण के लिए पीडब्ल्यूडी विभाग की ओर से सड़क निर्माण के लिए 20 करोड़ का टेंडर लगाया गया था, लेकिन यह 14 करोड़ में अलॉट हुआ। अगले महीने इस सड़क का निर्माण शुरू हो जाएगा। सड़क पर तारकोल की परत बिछाई जाएगी।
बहादुरगढ़ से झज्जर की दूरी मात्र 28 किलोमीटर है, लेकिन इसे तय करने में फिलहाल वाहन चालकों के सर्दी में भी पसीने छूट जाते हैं, क्योंकि मार्ग पूरी तरह टूट चुका है। इस पर वाहन लेकर चलना तो दूर, पैदल चलना भी बेहद मुश्किल हो रहा है। कई वर्षों से लोग इस मार्ग को बनाने की मांग करते आ रहे हैं, उनकी यह मांग अब जल्द ही पूरी होने वाली है। 28 किलोमीटर की दूरी को तय करने में लोगों का दो घंटे का समय लग रहा है। सड़क निर्माण बनने की आस से शहरवासियों में भी खुशी का माहौल है। बहादुरगढ़ से झज्जर जाने वाले विशाल कुमार बताते हैं कि वह कई महीनों से इस मार्ग से जाने की जगह बादली से जाना पसंद कर रहे हैं, क्योंकि इस मार्ग पर गड्ढे ही गड्ढे हैं। गड्ढे भी कोई एक-दो फुट चौड़ और गहरे नहीं बल्कि उनका आकार 8 से 10 फुट और दो से ढाई फुट गहरा बना हुआ है। इस मार्ग से वाहन लेकर जाना किसी आफत से कम नहीं है। इसी तरह दुल्हेड़ा के ग्रामीण सतबीर सिंह, अमित कुमार, दीपक देशवाल ने कहा कि झज्जर मार्ग की यह हालत कोई एक-दो साल से नहीं बल्कि चार से पांच साल से बनी हुई है। अनेकों बार सरकार से सड़क को बनाने की मांग की गई, लेकिन अब चुनावों में इस सड़क के टूटे होने का मुद्दा बना तो सरकार ने इसकी सुध ली। बहादुरगढ़ से झज्जर रोड पर 10 से अधिक गांव आते हैं। प्रतिदिन इन गांवों के लोग इसी मार्ग से आवागमन करते हैं। लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर नये वाहन भी सालभर में कंडम हो रहे हैं। जब यह सड़क बन जाएगी, तो वाहन चालकों को आवागमन करने में काफी आसानी होगी।
अगले महीने झज्जर-बहादुरगढ़ मार्ग का निर्माण होगा। इस पर तारकोल की परत बिछाई जाएगी। इसके बाद वाहन आसानी से चलेंगे। 20 करोड़ का टेंडर लगाया गया था, लेकिन यह माइनस में 14 करोड़ में अलॉट हुआ है।
- अनिल रोहिल्ला, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी विभाग बहादुरगढ़।