झज्जर। सोमवार को आयोजित हुए समाधान शिविर में डीसी शक्ति सिंह ने जनसुनवाई की। शिविर में 26 शिकायतें आईं। जिनका संबंधित विभाग के अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए गए।
सुंदरहेटी निवास बसंत कुमार ने गांव में अवैध तरीके से गली निर्माण को लेकर शिकायत दी। इस मामले में डीसी द्वारा डीडीपीओ को कार्रवाई करते हुए समाधान के निर्देश दिए गए। माजरा डी निवासी सतीश कुमार ने साइबर अपराध की शिकायत की। उसने बताया कि उसके साथ लाखों रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी हुई है। इस मामले में पुलिस को जांच करने के निर्देश दिए गए। साल्हावास गांव की पंचायत खेल स्टेडियम में लाइट लगवाने की मांग को लेकर पहुंचे। पंचायत फंड से डीडीपीओ को लाइट लगवाने के निर्देश दिए गए। दुजाना निवासी सुनील ने पेयजल वाल्व लीकेज की शिकायत समाधान शिविर में पहुंचे। डीसी ने जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को मामले में तुरंत समाधान के निर्देश दिए। डीसी ने कहा कि समाधान शिविर में नागरिकों की ऐसी शिकायतों का समाधान किया जा रहा है जो लंबे समय से लंबित थी।
सुनने में असमर्थ शिकायतकर्ता को श्रवण मशीन उपलब्ध करवाने के निर्देश
कड़ोधा निवासी सूरजभान पेंशन की समस्या लेकर समाधान शिविर में पहुंचे। उपायुक्त की आवाज सुनने में शिकायतकर्ता असमर्थ थे, जिसे देखते हुए डीसी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को मेडिकल करवाते हुए हियरिंग एड (श्रवण संबंधी उपकरण) उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। शिविर के दौरान ही शिकायतकर्ता की मेडिकल पर्ची कटवाते हुए एसएमओ को जल्द से जल्द आगामी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। शिकायतकर्ता के पेंशन व राशन कार्ड संबंधित शिकायतों का समाधान भी शिविर के दौरान किया गया।