फोटो 29: सोनीपत के गन्नौर में गांधी नगर निवासी राजेंद्र पहल शिकायत की प्रति दिखाते हुए। संवाद
गन्नौर। गांधी नगर में एक व्यक्ति को उनके ही कमरे में जिंदा जलाने की कोशिश करने के मामले में पीड़ित पक्ष ने कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए डीसीपी को शिकायत सौंपी है। शिकायतकर्ता गांधी नगर निवासी राजेंद्र पहल का कहना है कि गन्नौर पुलिस की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। मुकदमे में आरोपी का नाम स्पष्ट रूप से दर्ज है।
राजेंद्र ने अपने छोटे भाई हवासिंह पर आग लगाने का शक जताया, लेकिन पुलिस ने उसे अभी तक गिरफ्तार नहीं किया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी पक्ष लगातार गवाहों को डराने और साक्ष्य मिटाने की कोशिश कर रहा है। वहीं, पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी अपने कब्जे में नहीं लिए। इससे जांच की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो गए हैं। शिकायतकर्ता ने डीसीपी से निष्पक्ष जांच और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
राजेंद्र सिंह (64) अपने कमरे में सो रहे थे कि तभी किसी व्यक्ति ने बाहर से कुंडी लगाकर खिड़की की जाली तोड़ी और कमरे में ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आग लगा दी थी। झुलसे राजेंद्र सिंह की चीखें सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे थे और उन्हें बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया था। इस मामले में थाना गन्नौर पुलिस ने राजेंद्र सिंह की शिकायत पर आरोपी हवासिंह व अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था।