सोनीपत। श्रद्धा एवं आस्था के महापर्व छठ को लेकर बाजारों की रौनक बढ़ गई है। कच्चे क्वार्टर मार्केट में जहां खरीदार कपड़ों व श्रृंगार के सामान की खरीदारी में जुटे हैं, वहीं रविवार को सब्जी मंडी में छठ मइया की पूजा-अर्चना के लिए पूजन सामग्री व फल की खरीदारी को लेकर भीड़भाड़ रही। मंडी में लगे पूजन सामग्री के स्टॉल पर श्रद्धालुओं ने मिट्टी के बर्तन, कलश, घैला, दीया, ढकना, कोसी एवं डागरा, छैटा, सूप, सुपली, चगेली, टोकरी, रस्सी व फल खरीदे।
छठ महापर्व को लेकर जिलाभर में उत्सव-सा माहौल नजर आने लगा है। शहर की सब्जी मंडी सहित जिलाभर में कई जगह लगे बाजारों में चहल-पहल से रौनक बनी रही। बाजार में खरीदारी करने आईं अनीता, पूनम, अनुराधा, राजलक्ष्मी ने बताया कि छठ पर्व पर बांस की टोकरी लेकर पानी में अर्घ्य देते समय व्रती साड़ी ही पहनती हैं। बांस की टोकरी में सभी प्रकार के फल के अलावा कुट्टू के आटे के पकवान भी रखे जाते हैं। छठ महापर्व नहाय खाय के साथ शनिवार को शुरू हुआ था। वहीं छठ महापर्व को लेकर पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए हैं।
घाटों पर पूरी हुई व्यवस्थाएं
छठ महापर्व को लेकर विभिन्न जगह घाटों पर व्यवस्थाओं को पूरा कर लिया गया है। सूर्य को अर्घ्य देने के लिए शहर के एटलस मंदिर, दुर्गा कॉलोनी, गांव ककरोई के पास नहर, बड़वासनी नहर पुल के पास, कबीरपुर, बाबा कॉलोनी व कालूपुर चुंगी, राई के बीसवां मील, यमुना के गढ़ मिरकपुर घाट, बेगा घाट, मिमारपुर घाट, कुंडली में बनाए गए घाटों की सफाई का कार्य पूर्ण हो चुका है। सोमवार को उपवास रखने वाले श्रद्धालु पानी में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे।
सामान की कीमत
केला 60 रुपये दर्जन
सेब 70 रुपये किलो
अनानास 100 रुपये किलो
संतरा 70 रुपये प्रति किलो
नारियल 30 से 50 रुपये पीस
सूप (छाज) 150
बांस की टोकरी 300 रुपये
बड़ा नींबू (टाभ नींबू या गागल) 60 रुपये प्रति पीस
कच्ची हल्दी, अदरक, सुतनी 10 रुपये प्रति पीस