पहली बार बहादुरगढ़ में हलके के लोगों से रूबरू होने आ रहे मुख्यमंत्री मनोहर लाल के आगमन को लेकर तैयारियां दिन-रात चल रही है। समारोह स्थल पर लोगों के बैठने के लिए 5 हजार से अधिक कुर्सियां लगाई जाएंगी। साथ में बरसाती सीजन को ध्यान रखते हुए वाटर प्रूफ पंडाल तैयार किया जा रहा है। इसके लिए कारीगर जुटे हुए हैं। हर व्यवस्थाओं पर विधायक से लेकर प्रशासनिक अधिकारी पूरा ध्यान दे रहे हैं।
24 जुलाई को बहादुरगढ़ हलके को करोड़ों रुपयों की विकास योजनाओं की सौगात मुख्यमंत्री द्वारा अपने मंत्रीमंडल के साथ दी जाएगी। मुुख्यमंत्री के किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में पहली बार बहादुरगढ़ पहुंचने को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में भी जोश देखने को मिल रहा है। हर कोई उनके आगमन व जन विकास रैली में भारी भीड़ जुटाने में लगा हुआ है। भाजपा नेता गांव-गांव व शहर के हर वार्ड में जाकर लोगों को रैली का न्यौता दे रहे हैं।
-मुख्य मंच पर लगेगी एलइडी वाल
शहीद ब्रिगेडियर होशियार सिंह स्टेडियम परिसर में होने वाली जन विकास रैली अत्याधुनिक स्वरूप में नजर आएगी। मुख्य मंच पर आठ बाई चालीस की एलइडी वाल लगेगी। जिससे उद्घाटन कार्यक्रम से लेकर रैली स्थल की पूरी झलकियां साफ तौर पर देखने को मिलेगी। आमजन को गर्मी व उमस के बीच किसी तरह से कोई परेशानी न हो इसके लिए वाटर प्रूफ पंडाल में कूलर व पंखों की पर्याप्त व्यवस्था की जा रही है। रैली में पहुंचने वाले पुरुषों व महिलाओं के लिए पंडाल में सेक्टर आवंटित किए गए हैं ताकि किसी भी प्रकार से अव्यवस्था न रहे। मीडिया पर्सन के लिए स्पेशल व्यवस्था की गई है। रैली में आने वाले लोगों के लिए स्वच्छ व ठंडे पेयजल की व्यवस्था भी रहेगी।
लोक शैली का भी बिखरेगा रंग
समारोह में जहां मुख्य मंच से मुख्यमंत्री रैली को संबोधित करेंगे वहीं सांस्कृतिक मंच से विख्यात लोक गायक महाबीर गुड्डू लोक शैली में पंडाल में मौजूद लोगों का भरपूर मनोरंजन भी करेंगे। बीच-बीच में वे हंसी की फुलझड़ियां भी छोडे़ंगे। साथ ही हरियाणा सरकार की जनहित कारी योजनाओं का बखान भी लोक शैली के माध्यम से ही होगा। बहादुरगढ़ निवासी व लोक कलाकार राजबाला भी रैली में गायन शैली के जरिये अपनी प्रस्तुती देंगी।
इनका होगा उद्घाटन
24 जुलाई को सुबह दस बजे रैली का कार्यक्रम शुरू होगा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा मंत्रीमंडल के सदस्यों सहित स्थानीय विधायक नरेश कौशिक की उपस्थिति में आसोदा-खरखौदा रोड पर बने रेलवे ओवर ब्रिज, गांव छारा व जसोरखेड़ी में नवनिर्मित राजकीय महाविद्यालयों के भवनों का, सेक्टर-12 में नव निर्मित लघु सचिवालय, गांव छारा में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बहादुरगढ़ शहर में नव निर्मित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस, कानोंदा व नूना माजरा में नवनिर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन किया जाएगा। वहीं नई सब्जी मंडी में पीइबी कवर्ड शैड निर्माण कार्य की आधारशिला भी रखी जाएगी।