सीएम फ्लाइंग दस्ते, सीआईडी, स्वास्थ्य विभाग, खाद्य आपूर्ति विभाग और स्थानीय पुलिस की टीमों ने बुधवार को संयुक्त रूप से बहादुरगढ़ के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस कार्यवाही के दौरान भारी मात्रा में अवैध शराब, नकली घी और घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए गए। पुलिस ने तमाम मामलों में आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज किए हैं
वक्फ कॉलोनी में पकड़ा नकली घी
झज्जर रोड स्थित वक्फ बोर्ड कॉलोनी में एक मकान के भीतर से 7 टीन नकली घी पकड़ा गया। यहां देशी घी के नाम पर 160 रुपये किलो के हिसाब से नकली घी बेचा जा रहा था। गत मंगलवार को ही इस मामले में किसी द्वारा सीएम फ्लाइंग को शिकायत दी गई थी। शिकायत के आधार पर सीएम दस्ते और सीआईडी की टीम यहां पहुंची। नकली ग्राहक बनकर आए एक कर्मचारी ने यहां से घी खरीदा और इसके बाद छापामार कार्यवाही शुरू हुई। इस टीम में सीआईडी झज्जर इंचार्ज दिनेश ढाका, अनिल, राजबीर, अरुण, पिंकू, संदीप, नवनीत, सीएम दस्ते से कर्मवीर और स्वास्थ्य विभाग से डॉ. महावीर शामिल थे। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर घी के सैंपल भर लिए और घी के टीनों को सील कर दिया। सीआईडी इंचार्ज दिनेश ढाका ने कहा कि हवा पाल नाम के व्यक्ति के घर से घी के सैंपल लिए गए हैं। इन सैंपलों को जांच के लिए चंडीगढ़ लैब भेजा जाएगा। इसके बाद ही इस मामले में आगे की कार्यवाही होगी।
माजरा से पकड़ी शराब और सिलेंडर
इसी टीम ने गांव माजरा में निर्माणाधीन अग्रसेन अस्पताल के पास स्थित एक दुकान में छापेमारी की। यहां अवैध रूप से सरेआम शराब की बिक्री हो रही थी। जांच करते वक्त अंग्रेजी शराब की 49 बोतलें, 58 अध्धे और 73 पव्वे पाए गए, जबकि देशी शराब की 26 बोतलें, 37 अध्धे और 55 पव्वे मौके से बरामद हुए। इसके अलावा 3 घरेलू गैस सिलेंडर और छोटे सिलेंडर में गैस भरने के इस्तेमाल में लाए जाने वाले उपकरण भी पाए गए। शराब और आरोपी राकेश को सदर थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग से इंस्पेक्टर राकेश भी इस टीम में शामिल रहे।
कई सिलेंडर जब्त
इधर, शहरी क्षेत्र में सीएम फ्लाइंग रोहतक के इंचार्ज बिजेंद्र के नेतृत्व में कार्यवाही हुई। औद्योगिक क्षेत्र और पटेल नगर क्षेत्र की दुकानों में घरेलू गैस के अवैध तरीके से इस्तेमाल करने के मामले में कार्यवाही हुई। यहां दो दुकानों से 4-4 और 2 दुकानों से 3-3 घरेलू सिलेंडर पाए गए। इस कार्यवाही से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। शहर में बड़े सिलेंडरों से छोटे सिलेंडर भरने वाली दुकानें बंद कर दी गई। अधिकारियों की मानें तो यह कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी। सीआईडी इंचार्ज दिनेश ने बताया कि राज्यभर में छापामार कार्यवाही चल रही है। आगामी एक-दो दिन लगातार और यह कार्यवाही जारी रह सकती है।