समीक्षा करते उपायुक्त आर सी बिढ़ाण।
लघु सचिवालय में सोमवार को उपायुक्त रमेश चंद्र बिढ़ाण ने अधिकारियों की बैठक में जिले में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट तलब करते हुए समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने जिले के विकास को तीव्र गति देने के लिए चारों विधान सभाओं में पहुंचकर करोड़ों रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों की घोषणा की थी। जिला प्रशासन और विभागीय अधिकारियों की जिम्मेवारी बनती है कि सीएम घोषणाओं को तय समय सीमा में अमलीजामा पहनाएं, ताकि विकास कार्यों का लाभ आमजन को मिल सके। उपायुक्त ने बैठक में पेयजल व बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, जलघरों, गांवों में तालाबों और जोहड़ों को भरने तथा जलनिकासी नालों व ड्रेनों की सफाई कार्य में तेजी लाने के भी निर्देश दिए।
सीएम ने की है जिले में 121 घोषणाएं
सीएम ने बहादुरगढ़, बेरी, बादली और झज्जर विधानसभा क्षेत्र के लिए मातनहेल की जनसभा में विकास कार्यों के लिए लगभग 121 घोषणाएं की थी। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी सीएम घोषणाओं के एस्टीमेट निर्धारित समय में तैयार कर चंडीगढ़ मुख्यालय को मंजूरी के लिए भेजें। जिन घोषणाओं के लिए एस्टीमेट मंजूर होकर फंड मिल चुका है उन कार्यों को जल्द पूरा करें। जिला स्तर पर किसी भी सीएम घोषणा पर निर्धारित समय में कार्यवाही नहीं हुई तो संबंधित विभाग का अधिकारी इसके लिए जिम्मेवार होगा।
पेयजल मुहैया करवाने पर ध्यान दें अधिकारी
बिढ़ाण ने कहा कि लगातार पारा चढ़ने के कारण भीषण गर्मी पड़ रही है। जनस्वास्थ्य और बिजली विभाग लोगों को गर्मी से राहत देने के लिए आपसी सामंजस्य से कार्य करें। सरकार की ओर से निर्धारित समयसारिणी के अुनसार बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश देते उपायुक्त ने कहा कि बिजली आपूर्ति में कहीं पर बाधा आती है तो तुरंत प्रभावित क्षेत्र के लोगों को सूचना दें। बैठक में विभाग के पास बिजली बाधित की शिकायतों के निवारण तंत्र को भी मजबूत करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने पेयजल आपूर्ति बाधित होने पर विकल्प के तौर पर टैंकरों से पेयजल आपूर्ति करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर एसडीएम बहादुरगढ़ जगनिवास, डीआरओ मनबीर सांगवान, डीडीपीओ विशाल कुमार, जीएम रोडवेज बलवंत गोदारा, बिजली व जनस्वास्थ्य, सिंचाई विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।