खानपुर खुर्द गांव में युवक की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने सोमवार को तीन आरोपियों को काबू किया है। तीनों आरोपियों को पुलिस के द्वारा कोर्ट में पेश किया गया, जहां से दो दिन की रिमांड पर भेज दिया।
गौरतलब है कि शुक्रवार की रात खानपुर खुर्द में परमजीत ने अपने परिजनों के साथ मिलकर गांव के ही विक्रम की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। परमजीत को शक था कि विक्रम के उसकी पत्नी के साथ अवैध संबंध हैं। मामले में पुलिस के द्वारा दो महिलाओं सहित पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया था। जिसमें दो महिला आरोपियों को पुलिस के द्वारा पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं मामले में गिरफ्तारी के लिए गठित टीम को सूचना मिली कि उक्त तीनों आरोपी झाड़ली गांव के रेलवे स्टेशन के नजदीक हैं तो पुलिस ने वहां पर छापा मारकर इन्हें पकड़ लिया। पकड़े गए तीनों आरोपियों की पूछताछ में पहचान प्रकाश उर्फ परमजीत और पवन निवासी गांव खानपुर खुर्द और रवि निवासी गांव गढ़ी जिला हिसार के तौर पर की गई। पकड़े गए तीनों आरोपियों को अदालत झज्ज में पेश किया गया। जहां से तीनों को पूछताछ के लिए दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।