एसडीएम डॉ. राहुल नरवाल ने कहा कि राहगीरी के आयोजन का उद्देश्य यही है कि आप अपने जीवन की खुशियों का कैसे आनंद उठा सकते हैं। आज हमारी जिंदगी बेहद व्यस्त हो चुकी है। राहगीरी के जरिये हम अपनी खुशी के पलों को समाज के साथ बांट सकते हैं। उन्होंने यह बात वीरवार को राहगीरी कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कही। इस बार राहगीरी की टैगलाइन भी मिल के रहो, खुल के जियो है। डॉ. राहुल नरवाल ने कहा कि बेरी उपमंडल में पहली बार राहगीरी का आयोजन हो रहा है। ऐसे में प्रशासन का प्रयास रहेगा कि इस बार पहले की अपेक्षा बेहतर आयोजन किया जाए। उन्होंने बैठक के दौरान राहगीरी में होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की। राहगीरी कार्यक्रम में मिमिक्री आर्टिस्ट अमित वर्मा के साथ-साथ ख्याति प्राप्त गायक अजय शर्मा व मुकेश भी अपनी प्रस्तुति देंगे। साथ ही बेरी के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सरस्वती शिशु मंदिर तथा नवज्योति सीनियर सेकेंडरी स्कूल लकड़िया के विद्यार्थी हरियाणवी लोक संस्कृति व देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रमों की प्रस्तुति देंगे।
एसडीएम ने बताया कि उपायुक्त संजय जून व एसएसपी अशोक कुमार भी रविवार की सुबह छह बजे शिव चौक पर आयोजित होने वाली राहगीरी में भागीदारी करेंगे। राहगीरी की शुरुआत साइक्लिंग क्लब को हरी झंडी दिखाने के साथ होगी, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति के बीच योग सत्र, खेल-कूद प्रतियोगिताएं भी जारी रहेंगी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के समापन अवसर पर पौधरोपण भी किया जाएगा। राहगीरी को सफल बनाने के लिए विभागवार ड्यूटी निर्धारित की जा चुकी है साथ ही बेरी की अनेक संस्थाओं के प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में भागीदारी करेंगे। इस अवसर पर तहसीलदार सुदेश मेहरा, खंड शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र नारा, सहायक सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी बिजेंद्र कुमार, सहायक एसएन कौशिक सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।