जिला पुलिस के 40 जवान सावन माह में धर्म के साथ-साफ फर्ज भी निभाएंगे। इन पुलिसकर्मियों ने कावड़ लाने के लिए एसएसपी से छुट्टी लेकर हरिद्वार की रवानगी की है। लेकिन खास बात यह है कि इन पुलिसकर्मियों ने रवानगी से पूर्व एसएसपी को भरोसा दिलाया है कि वे धार्मिक यात्रा के दौरान वहां से लौटते समय पूरे रास्ते अपना फर्ज भी निभाएंगे। अगर कही रास्ते में उन्हें कुछ गलत दिखा तो वे तुरंत क्षेत्र के अधिकारियों को सूचित करेंगे। ऐसा इसलिए किया जा रहा है क्योंकि कई बार कांवड़ यात्रा के दौरान कांवड़ियों के भेष में असामाजिक तत्व अशांति फैलाने का प्रयास करते हैं। लेकिन इस बार झज्जर पुलिस के जवान इस बारे में भी विशेष ध्यान रखेंगे। वहीं, कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर 8 व्यस्त मार्गों की पहचान करके विभिन्न स्थानों पर 24 सुरक्षा नाके लगाए गए हैं। इसके अतिरिक्त 15 पीसीआर व 12 राइडर्स को भी अलग-अलग मार्गों पर तैनात किया गया है। उन्होंने सभी थाना प्रबंधकों को निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक 3 किलोमीटर के एरिया में एक राइडर को तैनात किया जाए तथा चिह्नित स्थानों पर नाकाबंदी करके संदिग्ध व्यक्ति अथवा वाहन की जांच करके प्रत्येक गतिविधि पर निगरानी रखी जाए।
क्षेत्र में भी तैनात रहेंगे सादे कपड़ों में पुलिस जवान
अपने साथियों व अन्य कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए झज्जर पुलिस के जवान भी प्रतिबद्ध है। पुलिस के जवान कांवड़ यात्रा के रास्तों पर चप्पे-चप्पे पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिसकर्मी कहीं सादे कपड़ों में तो कहीं पुलिस वर्दी में गश्त करते हुए व्यवस्था बनाए हुए हैं। एसएसपी अशोक कुमार स्वयं थाना प्रभारियों, चौकी इंचार्ज तथा पीसीआर व राइडर्स से कांवड़ियों की सुरक्षा बारे लगातार संपर्क साधे हुए हैं।
सड़क के बाई ओर लगे हैं शिविर
कांवड़ शिविर केवल बाई तरफ लगाने की अनुमति दी जा रही है। कांवड़ शिविर रोड के बाई तरफ उसी साइड में लगाने दिया जाएगा, जिस तरफ से कांवड़िये चल रहे होंगे। कांवड़ शिविर मुख्य सड़क से उचित दूरी पर ही लगाने दिया जाएगा, ताकि यातायात को सुचारु बनाए रखने में कोई रुकावट न आने पाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में जिला में किसी भी रोड पर जाम की स्थिति उत्पन्न नहीं होने दी जाएगी। कांवड़ यात्रा के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था हर हालत में बनाकर रखी जाएगी। असामाजिक शरारती तत्वों तत्वों पर कड़ी नजर रखते हुए शांति भंग करने की किसी भी कोशिश पर तुरंत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कांवड़ यात्रा में जिला पुलिस के 40 जवान छुट्टी लेकर शामिल हुए हैं। जवानों ने भरोसा दिलाया है कि वे अपनी धार्मिक यात्रा के दौरान फर्ज भी निभाएंगे। कांवड़ यात्रा की सुरक्षा के लिए हर तरह से उनकी तैयारी पूरी हो चुकी है।
अशोक कुमार, एसएसपी, झज्जर।