उपायुक्त संजय जून ने कहा कि प्रदूषण नियंत्रण की दिशा में प्रशासनिक स्तर पर पूरी मॉनीटरिंग की जा रही है। किसी भी रूप से प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी अमल में लाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को निरंतर दिए जा रहे हैं। उपायुक्त जून वीरवार को बहादुरगढ़ शहर से निकल रही मुंगेशपुर ड्रेन व वेस्ट जुआ ड्रेन का निरीक्षण कर रहे थे। उपायुक्त ने एसडीएम तरुण कुमार पावरिया के साथ शहर के विभिन्न स्थानों का निरीक्षण करते हुए उपस्थित लोगों से भी बातचीत की।
उपायुक्त संजय जून ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए एनजीटी द्वारा जारी गाइडलाइन की प्राथमिकता के आधार पर अनुपालना सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण सभी के लिए जरूरी है, इस संबंध में एनजीटी द्वारा गाइडलाइन भी हमारे मार्गदर्शन के लिए जारी की गई है। सभी संबंधित विभाग एनजीटी द्वारा जारी गाइडलाइन पर गंभीरता से कार्य करें ताकि प्रदूषण नियंत्रत्रण की दिशा में प्रशासन पूरी सजगता के साथ अपना दायित्व निभाए। उन्होंने नगर परिषद अधिकारियों को सफाई व्यवस्था निरंतर बनाए रखने के भी निर्देश दिए। ठोस व तरल कचरा प्रबंधन, दूषित जल निकासी आदि कार्यों की भी समीक्षा की गई और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने प्रदूषण को रोकने के लिए जल छिड़काव निरंतर जारी रखने को कहा। उन्होंने कहा कि कूड़ा कर्कट में आग न लगाई जाए इसके लिए निरीक्षण टीमें अपना कार्य गंभीरता से करें। उन्होंने कहा कि जहां पर कूड़ा जल रहा हो वहां पर तुरंत कार्रवाई करें। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को भी ड्रेन की सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
उपायुक्त संजय जून ने शहर के बीच से निकल रही वेस्ट जुआ ड्रेन के सुधारीकरण व नवीनीकरण कार्य का भी जायजा लिया और तकनीकी रूप से ड्रेन के सुधारीकरण कार्य को बेहतर ढंग से करने के आदेश संबंधित अधिकारियों को दिए। इस अवसर पर सिंचाई विभाग के एक्सईएन पुनीत राय, नगर परिषद ईओ अरुण कुमार, एक्सईएन सुमित नांदल, सचिव मुकेश कुमार व एमई ओमदत्त सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।