स्वास्थ्य विभाग ने आखिरकार नागरिक अस्पताल में काफी दिनों के बाद चिकनगुनिया के सैंपलों की जांच शुरू कर दिया है। तीन सप्ताह से अधिक पहले यहां पर इस बीमारी की जांच के लिए किट भेज दी गई थी, लेकिन मशीन इंस्टाल किए जाने को लेकर देरी हो रही थी। ऐसे में जांच प्रभावित हो रही थी और लोगों को मजबूर होकर प्राइवेट लैब व हॉस्पिटलों में जेबें ढीली करके जांच करानी पड़ रही थी।
लेकिन अमर उजाला ने इस समस्या को लेकर प्रमुखता से मरीजों की आवाज उठाई। जिसके चलते अब सोमवार से चिकनगुनिया के सस्पेक्टेड सैंपलों की जांच का काम भी शुरू हो गया। ऐसे में लोगों ने अमर उजाला का थैंक्स भी जताया।
पहले दिन अस्पताल में ही इलाज के लिए आए दो मरीजों के सैंपल जांच के लिए लिए हैं। जबकि प्राइवेट सेंटर संचालकों को भी निर्देश दिए गए हैं जिनके यहां कार्ड टेस्ट में चिकनगुनिया रिपोर्ट पॉजीटिव मिली है उनके सैंपल भी अस्पताल की सेंटीनल सर्विलेंस लैब में भिजवाने के लिए कहा है ताकि उन्हें एलाइजर रीडर से टेस्ट कर उनकी रिपोर्ट तैयार की जा सके।
पिछले काफी समय से लोग बुखार, डेंगू मलेरिया व चिकनगुनिया जैसे लक्षणों से पीड़ित होकर इलाज के लिए खूब आ रहे हैं, लेकिन अस्पताल की लैब में मलेरिया व डेंगू की जांच तो हो रही थी लेकिन चिकनगुनिया की जांच का कार्य किट मौजूद होने के बाद भी मशीन के इंस्टाल न किए जाने के चलते प्रभावित ही पड़ा था। पिछले तीन सप्ताह से इसकी किट शो-पीस बनी हुई थी। जांच कार्य न होने पर मरीज यहां की व्यवस्थाओं को लेकर खूब सवाल उठा रहे थे लेकिन अब सोमवार से चिकनगुनिया की जांच के लिए सैंपल लेने का काम शुरू होने से मरीजों को काफी राहत मिली है।
सेंटीनल सर्विलेंस लैब में कार्यरत एलटी दयानंद का कहना है कि कमरा नंबर-20 में इस बीमारी की जांच के लिए सैंपल लेने का काम शुरू हो गया। पहले दिन दो सैंपल लिए गए हैं। इसके अलावा जो अन्य सस्पेक्टेड सैंपल हैं या फिर कार्ड टेस्ट में प्राइवेट से पाजिटिव मिले हैं उन्हें भी कन्फर्म करने के लिए लगाया जाएगा। अब लैब में नियमित तौर पर सस्पेक्टेड मरीजों के सैंपल लेकर उनकी जांच करते हुए रिपोर्ट तैयार की जाएगी। पहले दिन दो व्यक्तियों के सैंपल लिए गए हैं। एक साथ कई लोगों के सैंपल जांचे जाएंगे और जल्द ही उनकी रिपोर्ट भी मिल जाएगी।
बता दें कि अमर उजाला ने चिकनगुनिया की जांच न होने को लेकर पखवाड़ा भर में कई बार मरीजों की आवाज उठाई। जिसके कारण ही अब अस्पताल में जांच सुविधा शुरू हो पाई। 13 सितंबर से लेकर 15, 17, 22 व 24 के चिकनगुनिया की जांच शुरू नहीं, कब होगी चिकनगुनिया जांच, किट होने के बावजूद जांच शुरू नहीं संबंधित समाचार में बॉक्स प्रकाशित किया था। इस पर अब विभाग ने संज्ञान लेते हुए आखिरकार जांच का कार्य शुरू करवाते हुए मरीजों को राहत देने का काम किया है। अस्पताल में यह जांच शुरू होने से मरीजों के 500 से लेकर 600 रुपये तक बचे है।