बहादुरगढ़। नौकरी और मुनाफे का लालच देकर साइबर शातिर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। शातिरों ने एक युवक से पार्ट टाइम नौकरी दिलाने के ना पर 3 लाख का चूना लगा दिया तो एक युवक को शेयर बाजार में अच्छे मुनाफे का झांसा देकर निवेश के नाम पर पांच लाख की ठगी कर ली। सच्चाई पता चलने पर दोनों ने साइबर थाना पुलिस से शिकायत दी। पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
केस -1
पुलिस को दी शिकायत में ओमेक्स सिटी निवासी अरुण जिंदल ने बताया कि वह दवा का काम करते हैं। 6 अक्तूबर को वे टेलीग्राम पर सर्च करके एक एप पर पार्ट टाइम जॉब के लिए जुड़े थे। उनको मुनाफे के लिए ऑफर दिया तो उन्होंने निवेश के नाम पर अपने खाते से अलग-अलग अकाउंट में तीन लाख रुपये भेज दिए। उन्होंने पैसे वापस मांगे तो नहीं मिले। बाद में उन्हें पता चला कि उनके रुपये कहीं पर भी निवेश नहीं किए गए बल्कि उनके साथ ठगी की है।
केस-2
शहर के मेन बाजार निवासी भारत भूषण ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके साथ यह घटना अप्रैल में हुई थी। 1 अप्रैल को उनके पास एक महिला को फोन आया। उसने अपना नाम कंचन बताया और शेयर बाजार में निवेश के लिए कहा। वह उनकी बातों में आ गए और एक एप डाउनलोड कर लिया। इसके बाद उन्होंने अलग-अलग खातों में पैसे डालते गए। उन्होंने कुल पांच लाख पांच हजार 900 रुपये जमा कर दिए। दोनों की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वर्जन
पीड़ितों ने शिकायत की थी। जिस पर केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है। लोगों को नौकरी दिलाने और शेयर बाजार आदि में पैसा लगवाने का झांसा देने वालों से सावधान रहना चाहिए। इनके झांसे में नही आना चाहिए। सजगता ही साइबर ठगी का सबसे बड़ा बचाव है।
मयंक मिश्रा ,डीसीपी