बहादुरगढ़। कनफेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्रीज (कोबी) ने कर्मचारियों के अभाव ग्रस्त बच्चों के लिए संपूर्ण शिक्षा एवं विकास केंद्र शुरू किया है। इसमें औद्योगिक संस्थानों में कार्यरत कर्मचारियों के बच्चों को संपूर्ण शिक्षा देने के साथ उनके मौलिक एवं नैतिक विकास पर भी कार्य किया जाएगा।
कोबी अध्यक्ष प्रवीण गर्ग और कोषाध्यक्ष अशोक कुमार मित्तल ने बताया कि दिव्य ज्योति जागृति संस्थान की ओर से संचालित मंथन परिकल्प देश के विभिन्न राज्यों में बच्चों को शिक्षित करके अपनी सेवाएं प्रदान कर रहा है। यह पूर्ण रूप से नि:शुल्क है। इसमें न केवल बच्चों को अच्छी शिक्षा और शिष्टाचार मिलेगा बल्कि उद्योगों में काम कर रहे कर्मचारी भी अपने बच्चों के लिए निश्चिंत हो सकेंगे। कोबी प्रतिनिधि प्रवीण गर्ग के अलावा विपिन बजाज, प्रदीप कौल, सुरेन्द्र, अशोक कुमार मित्तल, अमरीक सिंह लाल, अमृत गोयल, दीपक शर्मा, गणेश गुप्ता, गुरप्रीत सिंह, जगदीश चंद बंसल, नवल गर्ग, पुरुषोत्तम गोयल, आरबी यादव, राजेश गर्ग, राजेश गुप्ता, रवि चमरिया, सुनील गर्ग, तिलक राज गर्ग, विजेंदर गुलाटी व योगेश कुमार आदि सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे जिले के सभी कर्मचारियों के बच्चों को ज्यादा से ज्यादा सहयोग देंगे, ताकि कर्मचारियों के बच्चों का भविष्य उज्ज्वल हो सके।
सरकार भवन उपलब्ध कराए तो और बच्चों को मिलेगी सुविधा : प्रवीण
उन्होंने सरकार से आग्रह किया है कि सरकार यदि कोई भी सरकारी स्कूल, खाली बिल्डिंग या अन्य स्थान इस मंथन परिकल्प के लिए 3-4 घंटे के लिए मुहैया कराए तो अधिक बच्चों को भर्ती कर उन्हें बेहतर शिक्षा दी जाएगी, फिलहाल यह गणपति धाम औद्योगिक क्षेत्र में स्थित कोबी ऑफिस एकेएम टॉवर की पहली मंजिल पर शुरू किया गया है।