-फोटो 81 : काठ मंडी में स्थित शिव-हनुमान मंदिर में पूजा अर्चना करते श्रद्धालु। संवाद
बहादुरगढ़। सावन शुरू होने के साथ ही इस पवित्र माह के पहले दिन शहर के मंदिरों में भीड़ उमड़ी। इस बार सावन के महीने में चार सोमवार पड़ रहे हैं। शुरूआत वीरवार से हुई है। सावन के महीने में श्रद्धालुओं में भी काफी उत्साह है। यही वजह है कि मंदिरों को भी सावन के पहले दिन आकर्षक ढंग से सजाया गया और भोले बाबा की पूजा अर्चना की गई।
शहर की काठ मंडी स्थित शिव-हनुमान मंदिर के पुजारी पंडित सियाराम ने बताया कि सावन के सभी सोमवार को भगवान महादेव और मां पार्वती का विशेष शृंगार किया जाएगा। पहले दिन काफी संख्या में महिलाएं, बच्चे और पुरुष श्रद्धालु भोले बाबा की पूजा अर्चना के लिए पहुंचे। सावन महीने के दौरान मंदिर में भक्तों की भीड़ इसी तरह रहेगी। वहीं मंदिर में सावन के पहले सोमवार को लेकर इंतजाम शुरू किए जा रहे हैं।
बेलपत्र की कीमत 120 रुपये प्रति किलो, फूल भी महंगे
बहादुरगढ़ में लाल चौक पर फूलों का कारोबार करने वाले अशोक कुमार ने बताया कि सावन माह शुरू होते ही बेलपत्र, भांग, धतूरा, फूल की बिक्री शुरू हो गई है। सावन के पहले दिन काफी संख्या में लोग फूल व बेलपत्र लेने के लिए पहुंचे। उनके अनुसार, बेलपत्र 120 रुपये प्रति किलोग्राम बिक रहा है। इसके साथ ही पूजा में इस्तेमाल होने वाले फूल भी रिकार्ड तोड़ महंगे हो गए हैं। इसमें गुलाब का फूल 400 रुपये प्रति किलो, गेंदा का फूल 300 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बिक रहा है। फूलों के दाम बढ़ने के पीछे बारिश का होना बताया जा रहा है। 200 शब्दों में संपादित कर हेडिंग लगाएं