07jjrp15साल्हावास क्षेत्र के गांव खानपुर कलां व अन्य गावों के जलघरों में पानी का स्तर हुआ का
साल्हावास। साल्हावास क्षेत्र के गांव खानपुर कलां, खानपुर खुर्द, बहू, खोरडा आदि जलघरों के टैंकों का जलस्तर लगातार कम हो रहा है। इस कारण पानी की सप्लाई काफी कम कर दी गई है। दो दिन में एक दिन आपूर्ति की जा रही है, लेकिन इसके बावजूद अब केवल दो दिन का पानी ही बचा है, यदि जल्द ही माइनरों में पानी नहीं आया तो ग्रामीण क्षेत्र में पेयजल संकट गहरा सकता है।
टैंकों में कम मात्रा में पानी होने से विभाग की तरफ से कम मात्रा में पानी की सप्लाई दी जा रही है, लेकिन अब टैंकों का जलस्तर इतना कम हो गया कि एक दिन छोड़कर एक दिन सप्लाई दी जा रही है। जलघरों में सिर्फ दो दिन का पानी बचा हुआ है। अब टैंकों का जलस्तर बिल्कुल नीचा होने के बाद अधिकारियों की चिंता बढ़ गई है। गौरतलब है कि जवाहर लाल नेहरू कैनाल नहर 24 दिन बंद रहती है और 16 दिन चलती है। प्रतिदिन पानी दिया जाना था, लेकिन विभाग द्वारा 2 से 3 दिन पानी दिया, वह भी पूरा नहीं मिला। टैंकों का जल स्तर कम हो जाने के कारण पानी स्टोर भी नहीं हो पा रहा है। ग्रामीण क्षेत्र में कम मात्रा में पानी मिलने के कारण काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कनिष्ठ अभियंता विनोद कुमार ने बताया कि जवाहरलाल नेहरू कैनाल में कल पानी आ गया है जल्द ही माइनरों में भी पानी आ जाएगा। एक-दो दिन बाद पानी की समस्या नहीं रहेगी। नियमित रूप से सप्लाई दी जाएगी। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि टैंकों में पानी का लेवल बिल्कुल नीचे चला गया है और पानी भी नही बचा हुआ है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।