कैैैश नहीं मिलने से नाराज मुंडाहेड़ा के ग्रामीणों ने पीएनबी शाखा के बाहर बुधवार को प्रदर्शन किया। प्रदर्शन करने वाले ग्रामीणों का आरोप था कि मैनेजर अपने खास लोगों को ही कैैश देेता है और बाकि लोगों को कैश नहीं होने की बात कहते हुए लौटा दिया जाता है। इसके चलते उन्हें हर रोज बैंक के धक्के खाने पड़ रहे हैं और उन्हें कैश भी नहीं मिल पाता। ग्रामीणों का कहना था कि गांव के बुजुर्ग लोगों को भी पेंशन नहीं मिलने के कारण उन्हें 13 दिसंबर से बैंक के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। बैंक से मिली जानकारी के अनुसार शाखा में हर रोज केवल 2 लाख रुपये ही पहुंच रहे हैं, जिससे कैश की किल्लत चल रही है।
एटीएम के बाहर लगी रही लंबी कतारें
बुधवार को भी मंगलवार की भांति 15 करोड़ रुपये का कैश पहुंचा। इसके चलते शहर के अधिकांश बैंकों में कैश की किल्लत देखने को नहीं मिली। वहीं अधिकांश बैंकों के द्वारा अपने एटीएम में भी पैसा डाला गया, जिसके चलते एटीएम के आगे लंबी कतारें देखने को मिली।
गांव की शाखा के अंडर में करीब 10 गांव आते हैं लेकिन बैंक में कैश केवल 2 लाख रुपये आ रहा है। ऐसे में सभी लोगों को पैसे नहीं मिल पाते। कैश के लिए ग्रामीण बैंक खुलने से पहले ही पहुंच जाते हैं लेकिन शाम को जब वे बिना पैसे लिए घर लौटते हैं तो काफी दुखी हो जाते हैं। इसी के चलते ग्रामीणों ने बैंक के आगे प्रदर्शन किया था।
पुष्कर, सरपंच मुंडाहेड़ा।
मुंडाहेड़ा शाखा में हर रोज दो से अढाई लाख रुपये का कैश भेजा जाता है। बुधवार केे जब समस्या का पता लगा तो वहां पर 4 लाख रुपये कैश भिजवा दिया गया। उनकी कोशिश है कि जनता को दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
-एलडी शर्मा, एलडीएम, झज्जर।