जमालपुर गांव के पास चार युवकों ने दूसरी कार के सामने अपनी कार अड़ा कर हथियारों के बल पर कार लूट ली और चालक को पिस्तौल की बट मार कर घायल कर दिया । जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही कुछ मिनट में ही साल्हावास पुलिस मौके पर पहुंची और झांसवा रोड पर सुधराना गांव के पास एक युवक को दबोच लिया। जबकि चार युवक मौका पाकर भागने में कामयाब रहे। आरोपी दोनों कार वहां छोड़कर भाग गए। पुलिस ने दोनों कारों को कब्जे में लेकर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया। जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर सौंपा है। बदमाशों ने जिस कार को वारदात में इस्तेमाल किया है। वह भी चरखी दादरी के बाढ़ड़ा के पास से ही शुक्रवार को छीना था।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार की रात को वेदप्रकाश निवासी सिवानी मंडी भिवानी ने शिकायत देते हुए बताया था कि शुक्रवार को वह एक शादी के कार्यक्रम में शिरकत करने गांव अकेहड़ी मदनपुर आया था। जिसके पश्चात वह अपने परिचितों के साथ अपनी कार में सवार होकर अकेहड़ी मदनपुर से गांव झाल (रेवाड़ी) की तरफ जा रहे थे। जब वह गांव लडायन व जमालपुर के बीच पहुंचे तो सामने से आई एक स्विफ्ट डिजायर कार आई। जिसके चालक ने अपनी कार को उनकी कार के आगे अड़ा दिया।
स्विफ्ट डिजायर कार से 5 लड़के नीचे उतरे, जिनमें से एक लड़के के पास पिस्तौल था व बाकी के पास डंडे थे। आरोपियों ने हथियार कनपटी पर तानते हुए कार की चाबी लेकर उन्हें जबरदस्ती कार से नीचे उतार दिया। उसकी कार, मोबाइल फोन व साथी के 200 रुपये छीन कर भाग गए। शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना साल्हावास में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया गया। थाना की पुलिस टीम ने वारदात की सूचना पर पीछा करते हुए कड़ी मशक्कत के बाद मामले के एक आरोपी को काबू किया। अन्य आरोपी कार से उतरकर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पकड़े गए आरोपी की पूछताछ में पहचान सौरभ निवासी खेड़ी बूरा जिला चरखी दादरी के तौर पर की गई। सहायक उप निरीक्षक गजराज के नेतृत्व में पुलिस की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को सूचना मिलते ही आरोपियों को पकड़ने के लिए अपनी गाड़ी व राइडर उनके पीछे लगा दी। कुछ देर बाद ही झांसवा रोड पर आरोपियों की गाड़ी का रूकवा लिया। एक आरोपी को मौके पर पुलिस ने दबोच लिया, जबकि चार भागने में कामयाब रहे। जल्द ही आरोपियों का गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- रामकरण, निरीक्षक, थाना प्रभारी, साल्हावास।