बाइक सवार दो युवकों द्वारा कार चालक को ठीक से ड्राइविंग करने की नसीहत देनी महंगी पड़ गई थी। पहले तो दोनों
पक्षों के बीच मारपीट हुई और देखते ही देखते कार सवार युवक ने उन युवकों पर अचानक गोली चला दी। गनीमत यह रही कि गोली किसी को नहीं लगी। घटना की सूचना पर तुरंत पुलिस मौके पर पहुंची और नाकेबंदी कर कार सवार की तलाश शुरू की, लेकिन कोई पता नहीं चल पाया।
गांव नूना माजरा निवासी सुनील ने बताया कि वह बहादुरगढ़ में फाइनेंस का कार्य करता है। बुधवार को वह अपने गांव के ही निवासी व दोस्त पवन के साथ बाइक पर सवार होकर घर से निकला था। करीब सवा दस बजे जब वे सराय औरंगाबाद से नया गांव की तरफ जाने वाले चौराहे के नजदीक पहुंचे तो उसी दौरान सराय की तरफ से एक लाल रंग की कार आई। उसके चालक ने उनकी बाइक की तरफ कार बढ़ा दी। जिससे बाइक मामूली रूप से टकराने से बच गई। इसी बात को लेकर बाइक सवार युवकों ने कार सवार को देखकर चलने की नसीहत दी तो इस पर उनमें विवाद बढ़ गया। कुछ देर तक तो गरमागरमी होती रही लेकिन इसके बाद नौबत मारपीट तक जा पहुंची।
कर रहे हैं जांच
थाना प्रभारी रणधीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयान पर केस दर्ज कर कार का पता लगाना शुरू कर दिया। कार दिल्ली के नंबर की बताई गई है। ऐसे में वहां अथॉरिटी व दिल्ली पुलिस से भी जानकारी जुटाई जाएगी। कई पहलुओं को लेकर इसकी जांच पड़ताल की जा रही है।