बेरी। दूबलधन चौक पर कार व ईंटों से भरे ट्रक की टक्कर हो गई। दोनों वाहनों की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के दोनों एयर बैग खुल गए। इससे कार में सवार चार युवकों की जान बच गई। हादसे की सूचना मिलने के बेरी शहर चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों वाहनों को किनारे करवाया और यातायात व्यवस्था को सुचारु करवाया।
जानकारी के अनुसार रोहतक की तरफ से एक कार में चार युवक गांव दूबलधन जा रहे थे। जब वह बेरी में दूबलधन चौक के पास पहुंचे कलानौर की तरफ से ईंटों से भरा ट्रक आ रहा था। दोनों वाहनों की दूबलधन चौक पर टक्कर हो गई। हादसे में कार आगे से पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसे में कार के दोनों एयर बैग खुल गए नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे के बाद वाहन सड़क पर खड़े होने के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई थी।
दूबलधन चौक पर कार व ईंटों से भरे ट्रक की टक्कर हो गई थी। हादसे में किसी को कोई चोट नहीं आई है। दोनों का आपसी समझौता हो गया।
- रामपाल, शहर पुलिस चौकी इंचार्ज, बेरी।