फोटो 58; परनाला गांव में अवैध कॉलोनी में मकान को तोड़ती जेसीबी। स्रोत विभाग
बहादुरगढ़। जिला नगर योजनाकार विभाग (डीटीपी) की अवैध कॉलोनियों में तोड़फोड़ की कार्रवाई लगातार जारी है। शुक्रवार को क्षेत्र के गांव परनाला में 6 एकड़ में बनाई जा रही अवैध कॉलोनियों पर डीटीपी का बुलडोजर चला और रोड नेटवर्क को उखाड़ दिया। यह कार्रवाई 4 घंटे तक चली।
किसी तरह का विरोध न हो पुलिस बल भी तैनात रहा। डीटीपी अंजू ने आमजन से अवैध कॉलोनियों में प्लॉट न खरीदने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि अवैध क्षेत्र में प्लॉटिंग की तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कई दिनों से जिला नगर योजनाकार विभाग को परनाला गांव में अवैध कॉलोनी बनने की शिकायत मिल रही थी। शुक्रवार को डीटीपी की टीम परनाला पहुंची और अवैध कॉलोनी में बुलडोजर से तोड़फोड़ की। यहां 6 एकड़ क्षेत्रफल में फैली एक अनाधिकृत कॉलोनी जिसमें 45 निर्माणाधीन मकान, 4 प्रापर्टी डीलर कार्यालय और 950 आरएमटीआर इंटरलॉकिंग सड़क नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया गया।
डीटीपी अंजू ने आमजन से आह्वान किया कि वे शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में प्रापर्टी डीलरों की ओर से काटी जा रही अवैध कॉलोनियों में प्लाट न खरीदें। बेहतर होगा कि वे विभाग से जानकारी लेने के बाद ही खरीद-फरोख्त करें। अवैध कॉलोनियों में बनाए गए मकान को तोड़ा जाएगा। किसी भी सूरत में निर्माण नहीं होने दिया जाएगा।
उन्होंने प्रापर्टी डीलरों और कॉलोनाइजरों को भी चेताया है कि वे अवैध क्षेत्र में प्लाटिंग न करें। अन्यथा उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। कार्रवाई के दौरान एटीपी सतीश कुमार, जेई अरविंद, जेई सुमित और सचिन मौजूद रहे।