फोटो-55: इस्सरहेड़ी में अवैध निर्माण ढहाती जेसीबी। संवाद
- फोटो : Samvad
बहादुरगढ़। जिला नगर योजनाकार की टीम ने शुक्रवार को इस्सरहेड़ी गांव के राजस्व क्षेत्र में करीब सात एकड़ में विकसित की जा रही तीन अवैध कॉलोनियों में तोड़फोड़ की। शहरी क्षेत्र अधिनियम, 1975 के तहत की गई कार्रवाई में एक पक्का निर्माण, पांच चारदीवारियां और 28 डीपीसी ध्वस्त की गईं। इसके अलावा कॉलोनियों में बनाए गए कच्चे रास्तों को भी उखाड़ दिया गया।
कार्रवाई ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं बहादुरगढ़ के नायब तहसीलदार प्रवीण कुमार की मौजूदगी में की गई। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना सदर बहादुरगढ़ की पुलिस टीम भी तैनात रही।
जिला नगर योजनाकार अंजू ने लोगों से अवैध कॉलोनियों में प्लॉट खरीदने से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि जमीन या प्लॉट खरीदने से पहले संबंधित विभाग से कॉलोनी की वैधता की पुष्टि अवश्य कर लें। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन कर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। संवाद