फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

42 बार दिया खून, जरूरत पड़ी तो खुद तरसे

Sun, 05 Jul 2015 01:52 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो/ बहादुरगढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
रक्तदान महादान की कहावत पर अमल करते हुए 42 बार रक्तदान कर चुके प्रदीप कुमार के लिए खून का बंदोबस्त करना उनके परिवार के लिए चुनौती बन गया है।
विज्ञापन


प्रदीप के शरीर में खून की जरूरत पूरी करने के लिए परिजन दर-दर की खाक छान रहे हैं। दूसरों को जीवन देने के लिए हमेशा खून देने के लिए तत्पर रहने वाले प्रदीप को खून के लिए तरसना पड़ रहा है।

शहर के बरारी रोड पर रहने वाला प्रदीप पुत्र उमांकात शर्मा इन दिनों पाइल्स की बीमारी की चपेट में है और इसके कारण शरीर में खून की कमी हो गई है। परिजनों की मानें तो उसे दो जुलाई को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां चिकित्सकों ने चार यूनिट खून की जरूरत बताई।
विज्ञापन


प्रदीप का ब्लड ग्रुप ए नेगेटिव है और यह बहुत कम लोगों का होता है। ऐसे में उसके ग्रुप का खून लेने के लिए परिजनों को आसपास के क्षेत्रों के ब्लड बैंकों का रुख करना पड़ा।

चिकित्सकों की मांग के अनुसार, खून का बंदोबस्त करने के लिए परिजन दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल पहुंचे जहां से एक यूनिट ब्लड मिला। इसके बाद सरकारी अस्पताल झज्जर से भी उन्हें एक यूनिट रक्त मिला।

बाकी खून का बंदोबस्त करने के लिए पीजीआई रोहतक पहुंचे परिजनों को निराशा हाथ लगी। प्रदीप के मौसरे भाई धर्मपाल की मानें तो वहां ड्यूटी पर मौजूद कर्मियों का व्यवहार बेहद रूखा था।

पहले तो उन्होंने डोनेशन फार्म के प्रारूप पर सवाल उठाए। रोहतक से बहादुरगढ़ तीन चक्कर लगवाने के बाद कागजात पूरे करने पर भी उन कर्मचारियों ने खून देने से साफ इंकार कर दिया। परिजनों ने ऐसे संवेदनहीन कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

इनवर्टर की बैटरी बनाने और बेचने का काम करने वाला 40 वर्षीय प्रदीप बहादुरगढ़ के अलावा झज्जर, रोहतक व चंडीगढ़ तक रक्तदान कर चुका है। कुल 42 बार रक्तदान कर चुके प्रदीप ने करीब दो महीने पहले भी रक्तदान किया था।
विज्ञापन


प्रदीप के भाई हरीश ने बताया कि प्रदीप वाला ब्लड ग्रुप ए नेगेटिव रेयर व्यक्ति का ही होता है। इसीलिए प्रदीप का नाम पीजीआई रोहतक में डोनर लिस्ट में भी दर्ज है और वहां से कॉल आने पर वह कई बार रक्तदान भी कर चुका है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें