बहादुरगढ़। कांग्रेस विधायक राजेंद्र सिंह जून ने वीरवार को दिल्ली-रोहतक रोड स्थित कार्यालय पर जन समस्याएं सुनी। हलके के शहरी व ग्रामीण क्षेत्र से पहुंचे लोगों ने विधायक को मौजूदा मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने जन समस्याएं सुनते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को फोन कर समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए।
कार्यकर्ताओं से बातचीत करते हुए विधायक जून ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने मुख्यमंत्री बदलकर अपनी नाकामियों को छुपाने का काम किया है क्योंकि जनता अबकी बार हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से उखाड़ फेंकने का पहले ही संकल्प ले चुकी है। जून ने कहा कि हरियाणा प्रदेश की जनता भाजपा के कुशासन व गलत नीतियों से दुखी है। चुनाव से पहले गठबंधन तोड़कर प्रदेश के लोगों को गुमराह करने का काम बीजेपी-जेजेपी ने किया है मगर जनता इन लोगों के बहकावे में नहीं आएगी और आगामी विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत के साथ हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनाने का जनादेश देगी।