अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
मुर्राह नस्ल की भैंस पशुपालकों के लिए काला सोना साबित हो रही हैं। बहादुरगढ़ के लाइनपार क्षेत्र में एक मुर्राह नस्ल की भैंस कई दिनों से लोगों का आकर्षण का केंद्र बन रही थी। यह भैंस साढ़े छह लाख रुपये कीमत में बिकी है।
लाइनपार के जौहरी नगर निवासी एवं आटो यूनियन के पूर्व प्रधान पवन पशुपालन भी करते हैं। कुछ समय पहले उसने मुर्राह नस्ल की एक भैंस खरीदी थी। यह भैंस हर रोज 24 लीटर दूध देती थी। अधिक दूध देने और अच्छी कदकाठी होने के चलते यह भैंस इलाके के पशुपालकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गई थी। रोजाना काफी लोग इस भैंस को देखने के लिए आते थे। कुछ तो इसे खरीदने के लिए मोटी रकम तक लगा रहे थे। आखिरकार पवन ने कई गुणा कीमत लगने पर इस भैंस बरोणा निवासी नान्हा पहलवान को साढ़े छह लाख रुपये में बेच दी। काफी महंगी बिकने पर यह भैंस चर्चा का विषय बनी रही। उधर, पवन ने बताया कि पशुओं को अच्छा चारा और देखभाल की जाए तो उसकी सेहत अच्छी रहेगी जिससे वह काफी दूध देगी।