झज्जर। 28 दिसंबर को कॉलेज के लिए निकली छात्रा का शव क्षतविक्षत हालत में रविवार को दुजाना थाना के अंतर्गत आने वाले एक गांव में बहराना माइनर के पास झाड़ियों में मिला था। सोमवार को मृतका के पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आई। जिसमें चिकित्सकों ने छात्रा की मौत सिर में चोट लगने से हुई बताई है।
बता दें कि नाबालिग छात्रा के शव का पेट से ऊपर का हिस्सा नोंच रखा था, शव की पहचान पेंट और जूतों से हुई थी। फिलहाल तक इस बात का खुलासा नहीं हो पाया है कि उसकी हत्या किस ने और किन कारणों के चलते की है। पुलिस अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
ये था मामला
जानकारी के अनुसार क्षेत्र के एक गांव निवासी छात्रा उम्र करीब 18 वर्ष जोकि रोहतक के एक महाविद्यालय में बीएससी प्रथम वर्ष की पढ़ती थी, 28 दिसंबर को छात्रा घर से कॉलेज जाने के लिए निकली थी, लेकिन वापस घर नहीं लौटी तो परिजनों ने आसपास रिश्तेदारियों में तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। 30 दिसंबर को परिजनों ने छात्रा के लापता होने की शिकायत डीघल चौकी में दर्ज करवाई। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कर जांच आरंभ कर दी थी। रविवार को पुलिस को बहराना माइनर के पास झाड़ियों में एक शव की सूूचना मिली। पुलिस ने मौके पर जाकर देखा तो शव का पेट से ऊपर का हिस्सा नोंचा हुआ था, जब परिजनों को पहचान के लिए बुलाया तो परिजनों ने छात्रा की पहचान कर ली।
बहराना माइनर के पास झाड़ियों में मिले छात्रा के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई है। जिसके अनुसार छात्रा की सिर में चोट मारकर हत्या की गई है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए गहनता से जांच कर रही है।
- सुरेंद्र कुमार, पुलिस चौकी प्रभारी, डीघल।