झज्जर। शहर की एक महिला नेत्री से 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगने व रुपये न देने पर उसके पुत्र को जान से मारने की धमकी देने के मामले में झज्जर पुलिस की सीआईए की टीम ने दिल्ली सहित कई जिलों की पुलिस के लिए सिरदर्द बने बदमाश बंसती लुहार को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि पुलिस ने सुरक्षा कारणों के चलते महिला नेत्री के नाम का खुलासा नहीं किया है। पुलिस ने अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किए गए आरोपी को अपने बुुने हुए जाल में फंसाकर रंगदारी की रकम देने के लिए निर्धारित किए गए स्थान से गिरफ्तार कर लिया है। मामले में शामिल उत्तर प्रदेश निवासी एक महिला आरोपी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपी के कब्जे से मौके पर एक देसी पिस्तौल व जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी बंसती लुहार को जिला अदालत झज्जर में पेश किया। जहां अदालत ने उसे एक दिन के रिमांड पर भेजा है।
डीएसपी झज्जर राहुल देव ने बुधवार को पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि पकड़े गए आरोपी ने झज्जर निवासी एक महिला से तीन अप्रैल को 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी और 20 लाख रुपये नहीं दिए तो उसके पुत्र को जान से मारने की धमकी दी थी।
आरोपी ने अपनी एक महिला सहयोगी के साथ मिलकर योजना बनाकर रंगदारी मांगने व पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दी थी। उपरोक्त वारदात के संबंध में थाना शहर झज्जर में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने वारदात का खुलासा करते हुए मामले के वांछित आरोपी को सीआईए झज्जर के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस की टीम ने मंगलवार देर शाम को झज्जर शहर से गिरफ्तार किया है। गिरफ्त में लिए गए आरोपी की पूछताछ में पहचान वीरेंद्र उर्फ बसंती लुहार उर्फ अमित पुत्र रमेश निवासी गांव तलाव जिला झज्जर के तौर पर की गई। मामले की साजिश में शामिल उत्तर प्रदेश निवासी एक महिला आरोपी को स्थानीय पुलिस की तरफ से पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। अदालत के आदेश अनुसार महिला आरोपी को पहले ही न्यायिक हिरासत भेजा जा चुका है।
वर्चुअल कॉल के माध्यम से पुलिस पहुंची आरोपी तक
डीएसपी ने बताया कि आरोपी ने वारदात के पूरी योजना बनाई थी। इस षड्यंत्र में एक महिला भी शामिल रही है। पकड़े गए आरोपी को सीआईए झज्जर व थाना शहर झज्जर वह साइबर सेल झज्जर की संयुक्त टीम ने झज्जर शहर गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपी ने प्राथमिक पूछताछ में पूरे घटनाक्रम का पटाक्षेप कर दिया। आरोपी ने पैसों की तंगी के चलते रंगदारी मांगने की योजना बनाई। योजना में एक महिला को भी शामिल किया गया। वारदात की योजना को अंजाम देने के लिए व्हाट्सएप कॉल का सहारा लिया था। आरोपी ने व्हाट्सएप के वर्चुअल नंबर से कॉल करके रंगदारी मांगने व धमकी दी थी।
झज्जर जिला निवासी एक पीड़ित महिला ने शिकायत देते हुए पुलिस को बताया था कि उसके पुत्र को जान से मारने की धमकी देते हुए उससे लाखों रुपये रंगदारी देने की मांग की गई। एसपी राजेेश दुग्गल के निर्देशानुसार उपरोक्त मामले की गहनता से छानबीन करने व दोषियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए थाना शहर झज्जर, अपराध जांच शाखा झज्जर व साइबर सेल झज्जर की एक विशेष टीम का गठन किया गया था। आरोपियों का जल्द पता लगाने के लिए साइबर सेल की भी मदद ली गई। टीम ने व्हाट्सएप वर्चुअल नंबर का पता लगा कर योजना के अनुसार कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपी के कब्जे से मौके पर एक देसी पिस्तौल व जिंदा कारतूस बरामद हुए।
पुलिस कस्टडी में हत्या करने वाले को पहुंचाए थे हथियार
डीएसपी राहुल देव ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी अनेक आपराधिक गिरोहों के संपर्क में रहा है। अपराधियों को हथियार उपलब्ध करवाने में भी इसकी अहम भूमिका रही है। पिछले दिनों सोनीपत में पुलिस कस्टडी में हुई एक बदमाश को गोली मारने की घटना में भी उपरोक्त आरोपी ने हथियार पहुंचाने में मदद की थी। उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपी से प्रारंभिक पूछताछ में संगीन किस्म की अनेक वारदात का खुलासा हुआ है।
पुलिस ने आरोपी से पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ शुरू कर दी है। पूछताछ में हत्या जैसी और वारदातों का खुलासा होने की उम्मीद है। फिलहाल तक नौ मामलों का पर्दाफाश हो चुका है।
- राहुल देव, डीएसपी, झज्जर।