हरियाणा के झज्जर के सासरौली गांव निवासी मूक बधिर ओलंपिक में तीन बार स्वर्ण व एक बार रजत पदक जीतने वाले विरेंद्र पहलवान को सरकार ने पद्मश्री अवॉर्ड देने की घोषणा की है। अब पांचवीं बार मूक बधिर ओलंपिक और वर्ल्ड चैंपियनशिप-2021 की तैयारी में जुए हुए हैं।
दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में महाबली सतपाल पहलवान के पास वह अभ्यास कर रहे हैं। पहलवान की सफलता पर उन्हें सरकार की तरफ से कई अवॉर्डों से सम्मानित किया जा चुका है। वहीं राष्ट्रपति की तरफ से उन्हें अर्जुन अवॉर्ड भी दिया जा चुका है। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष ओपी धनखड़ ने भी पहलवान को इस उपलब्धि पर बधाई दी है।
तीन बार जीता स्वर्ण
विरेंद्र पहलवान फिलहाल दिल्ली में रहकर तैयारी करते हैं। विरेंद्र पहलवान 2005 में ऑस्ट्रेलिया में हुए मूक बधिर ओलंपिक में स्वर्ण पदक, चीन में वर्ष 2009 में कांस्य पदक, सोफिया में 2013 में स्वर्ण पदक, वर्ष 2017 में तुर्की में स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। इसके अलावा विश्व कुश्ती प्रतियोगिता में भी कई पदक जीत चुके हैं। विरेंद्र व बलवान दो भाई हैं। जो परिवार सहित दिल्ली में ही रहते हैं।