फोटो -58: बहादुरी के लिए बहादुरगढ़ निवासी आकाश अग्रवाल को सम्मानित करते पुलिस उपायुक्त सचिन शर्
बहादुरगढ़। दिल्ली के पीतमपुरा स्थित बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त कार्यालय में गणतंत्र दिवस समारोह पर बहादुरगढ़ निवासी आकाश अग्रवाल को भी सम्मानित किया। आकाश अग्रवाल को लुटेरों से भिड़कर बहादुरी दिखाने के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
पुलिस उपायुक्त सचिन शर्मा (आईपीएस) ने आकाश को सम्मान-पत्र प्रदान कर उनके साहस की सराहना की। आकाश ने लूट की कोशिश कर रहे दो बदमाशों का निडरता से सामना किया और एक आरोपित को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था। उनकी तत्परता से एक बड़ी वारदात टल गई।
आकाश की इस बहादुरी पर पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ऐसे जागरूक नागरिक समाज के लिए प्रेरणास्रोत होते हैं। इस अवसर पर आकाश के पिता सुशील अग्रवाल एवं माता शिक्षाविद योगाचार्य डॉ अंजू अग्रवाल ने खुशी जताई है।
दो बदमाशों ने किया था लूट का प्रयास
आकाश अग्रवाल ने बताया कि घटना 25 अक्टूबर 2017 की है। रात करीब 2 बजे जब पीरागढ़ी बस स्टैंड की ओर अपनी ऑफिस कैब के लिए जा रहे थे, तभी दो बदमाशों ने उनसे लूटपाट का प्रयास किया। कठिन और जोखिमपूर्ण परिस्थिति में आकाश ने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाया और एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया, जिसे बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया। इस मामले में थाना पश्चिम विहार में एफआईआर दर्ज कराई गई। आकाश की सतर्कता, साहस और पुलिस के साथ पूर्ण सहयोग के चलते यह केस 10 नवंबर 2025 को दोष सिद्धि के साथ समाप्त हुआ।