बहादुरगढ़। कोरोना की तीसरी लहर और एक जनवरी से वैक्सीन की दोनों डोज नहीं लगवाने वालों के सार्वजनिक स्थानों पर प्रवेश पर पाबंदी लगने के बाद वैक्सीन लगवाने की रफ्तार तेज हो गई। रविवार को बहादुरगढ़ के सभी टीकाकरण केंद्रों में भारी भीड़ रही। टीकाकरण शुरू होने से पहले ही लंबी कतारें लग गईं। कर्मचारियों को व्यवस्था बनाए रखना मुश्किल हो गया। सबसे ज्यादा भीड़ नागरिक अस्पताल और वार्ड-18 के धर्मविहार में रही।
बता दें कि सरकार ने एक जनवरी से वैक्सीन की दोनों डोज नहीं लगवाने वालों के सार्वजनिक स्थानों पर प्रवेश पर रोक लगा दी है। जिन लोगों ने दोनों डोज नहीं लगवाई वे कार्यालयों, बैंक, मैरिज हॉल, होटल, बाजारों, सब्जी मंडी, धार्मिक स्थलों सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों नहीं जा सकेंगे। इस आदेश और तीसरी लहर के खतरे को देखते हुए टीकाकरण केंद्रों में लोगों की खूब भीड़ उमड़ रही है। लंबी इंतजार करने के बाद भी काफी लोगों को वैक्सीन नहीं लग पा रही। लोग एक से दूसरे केंद्र के चक्कर लगा रहे हैं। रविवार को शहर में नौ स्थानों पर लगे कैंपों में लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। काफी लोग तो लंबी लाइनों को देखकर बिना वैक्सीन लगवाए ही घरों की तरफ रुख करते नजर आए।