झज्जर। कोरोना की संभावित तीसरी लहर से बचाव के लिए जिला प्रशासन हर पहलू पर सतर्क एवं सजग है। आपदा के इस दौर को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से पूरी योजनाबद्ध तरीके से कदम उठाए जा रहे हैं। उपायुक्त (डीसी) श्याम लाल पूनिया ने स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारियों को कोरोना की पहली व दूसरी लहर की भांति अब तीसरी संभावित लहर से निपटने के लिए अपना दायित्व प्रभावी रूप से निपटने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि मास्क, सामाजिक दूरी का पालन और टीकाकरण ही बचाव का सशक्त माध्यम है। इसमें लोग लापरवाही न करें।
उपायुक्त ने कहा कि जब लोग घर से बाहर निकलने तो मास्क का प्रयोग अवश्य करें। इसके साथ ही एक दूसरे से उचित सामाजिक दूरी का पालन, निरंतर हाथों को साबुन से धोते हुए कोरोना चक्र को तोड़ने में सहभागी बनें। उन्होंने कहा कि कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण रूपी सुरक्षा कवच को 18 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को अवश्य धारण किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिले में शहरी क्षेत्र में जहां ड्राइव थ्रू वैक्सीनेशन किया जा रहा है। वहीं स्थाई वैक्सीनेशन सेंटर पर वैक्सीनेशन प्रक्रिया सुचारु रूप से चल रही है। उन्होंने बताया कि 38 वैक्सीनेशन सेंटर स्थायी बनाए गए हैं, जबकि अब तक जिले में 200 से अधिक विभिन्न स्थानों पर कैंप लगाए जा चुके हैं।
डीसी ने बताया कि कोरोना संक्रमण दर में निरंतर कमी और रिकवरी रेट में दिनों दिन सुधार हो रहा है। यह आमजन के सहयोग का ही परिणाम है कि एनसीआर क्षेत्र में जिला पूरे स्वास्थ्य सुरक्षात्मक तरीके से आगे बढ़ा हैं। अब तक करीब 2400 होम आइसोलेशन स्वास्थ्य किट का वितरण किया जा चुका हैं। स्वास्थ्य विभाग के सहयोग के लिए सभी विभाग टीम भावना के साथ महामारी की रोकथाम में अपना भरपूर योगदान दे रहे हैं। ऐसे में जिले की जनता से भी वे आह्वान करते हैं कि सरकार की ओर से निर्धारित कोविड गाइडलाइन का पालन करते हुए कोरोना से बचाव करें।