-फोटो 53 : वर्ल्ड मेडलिस्ट एसीपी प्रदीप खत्री का स्वागत करते इनके चाचा अनिल खत्री और तैराक। विज
बहादुरगढ। हरियाणा पुलिस के डीएसपी (एसीपी) प्रदीप खत्री ने अमेरिका में हुई वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स में एक सिल्वर और एक कांस्य पदक जीतकर हरियाणा पुलिस और देश का गौरव बढ़ाया है। यह प्रतियोगिता अमेरिका के बर्मिंघम, अलबामा में 27 जून से 6 जुलाई तक आयोजित हुई। पहलवान प्रदीप खत्री ने 97 किलो फ्री स्टाइल में सिल्वर और ग्रीको रोमन कुश्ती में कांस्य पदक हासिल किया है।
प्रदीप खत्री फिलहाल बहादुरगढ़ में एसीपी के पद पर तैनात है। प्रदीप खत्री ने 2008 में बतौर इंस्पेक्टर हरियाणा पुलिस में सेवाएं शुरू की थी। 2020 में प्रदीप का डीएसपी के पद पर प्रमोशन हुआ। इसके साथ ही प्रदीप भारतीय कुश्ती टीम के कोच और इंटरनेशनल कुश्ती कोच भी रहे हैं। खत्री को बेहतरीन सेवाओं के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पुलिस मेडल फॉर गैलेंट्री से भी सम्मानित किया है।
बहादुरगढ़ की चैंपियंस एक्वेटिक अकादमी के स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में प्रदीप खत्री का हरियाणा तैराकी संघ और तैराकों ने जोरदार स्वागत किया। हरियाणा तैराकी संघ के महासचिव अनिल खत्री ने फूलों का गुलदस्ता देकर और तैराकों ने फूलमाला पहनाकर उनका स्वागत किया। प्रदीप खत्री ने बताया कि उन्होंने 2022 में नीदरलैंड में हुए वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स में भी सिल्वर मेडल हासिल किया था।
इस मौके पर उन्होंने खिलाड़ियों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ आहार लेने की प्रेरणा भी दी है। चाचा अनिल खत्री ने भी प्रदीप का स्वागत करते हुए कहा कि प्रदीप शुरुआत से ही कुश्ती का बेहतरीन पहलवान रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदीप खत्री की उपलब्धि से खिलाड़ियों को प्रेरणा मिली है। प्रदीप ने न केवल हरियाणा पुलिस बल्कि परिवार, गांव और देश का नाम रोशन किया है। इस मौके पर हरियाणा तैराकी संघ के सदस्य सुरेश जून, बलवान कादियान, तैराकी कोच साई जाधव और पदमपाल सहित तैराक भी मौजूद रहे।
-फोटो 53 : वर्ल्ड मेडलिस्ट एसीपी प्रदीप खत्री का स्वागत करते इनके चाचा अनिल खत्री और तैराक। विज्ञप्ति
-