झज्जर-बहादुरगढ़ मार्ग पर गांव दुल्हेड़ा के पास चलती कार पर बिजली की तार गिरने से बड़ा हादसा हो गया। अनियंत्रित हुई कार कई पलटियां खाकर साथ लगते खेतों में गिर गई। गाड़ी चला रही छात्रा को बाहर निकाला ही गया था कि इतने में कार में आग लग गई और धू-धू कर जल गई। गंभीर रूप से घायल छात्रा का फिलहाल बहादुरगढ़ के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
दिल्ली के पश्चिम विहार निवासी ऐश्वर्या (22) गांव कबलाना स्थित गंगा इंटरनेशनल कॉलेज में बीसीए की छात्रा है। शनिवार सुबह वह अपनी कार में सवार होकर कॉलेज में जा रही थी। जब वह गांव दुल्हेड़ा के पास पहुंची तो अचानक उसकी कार पर बिजली का तार टूटकर गिर गया।
इससे छात्रा कार से नियंत्रण खो बैठी। गाड़ी कई पलटियां खाकर दूर खेतों में जा गिरी। हादसा भयानक था। गाड़ी ने 5-6 पलटियां खाईं। वहां मौजूद ग्रामीणों ने यह देखा तो तुरंत बचाव के लिए पहुंचे। बड़ी ही मुश्किल से छात्रा को बाहर निकाला गया। छात्रा को कई जगह फ्रेक्चर हुए हैं।
गंभीर रूप से घायल छात्रा को बहादुरगढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वरिष्ठ सर्जन डॉ. मनीष शर्मा ने बताया कि चोट अधिक लगने और खून ज्यादा बहने के कारण उसकी हालत काफी बिगड़ गई थी। अब युवती की हालत में पहले से सुधार है। अगले 72 घंटों में सही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
छात्रा को गाड़ी से बाहर निकालते ही लगी आग
प्रत्यक्षदर्शी दुल्हेड़ा निवासी दीपक देशवाल ने बताया कि हादसा बेहद खतरनाक था। ऐश्वर्या को गाड़ी से बाहर निकाला ही गया था कि इतने में गाड़ी में आग लग गई और कुछ ही देर में गाड़ी धू-धू कर जल गई।
यह मंजर देखकर आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों ने 100 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचित किया। बताते हैं कि हादसा होते वक्त बैलून खुल गया, इस कारण छात्रा के शरीर के ऊपरी हिस्से में चोटें नहीं आ पाई।