अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
सामाजिक सौहार्द के लिए कांग्रेसियों के द्वारा रखे गए उपवास कार्यक्रम के दौरान भी कांग्रेसी हुड्डा और तंवर खेमे बंटे हुए नजर आए। हुड्डा गुट के द्वारा उपवास कार्यक्रम श्रीकृष्ण यादव धर्मशाला में रखा गया था, जिसमें अध्यक्षता गीता भुक्कल कर रहीं थीं तथा हुड्डा गुट के सभी नेता मौजूद थे। कार्यक्रम में सांसद दीपेंद्र हुड्डा बतौर मुख्यातिथि पहुंचे। वहीं, प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर गुट के लोगों ने यादव धर्मशाला में उपवास कार्यक्रम रखा। जहां पर उपवास रखने वालों की अध्यक्षता रमेश वाल्मिकी कर रहे थे। कार्यक्रम में रमेश वाल्मिकी के अलावा कोई बड़ा नेता शामिल नहीं था। केवल तंवर गुट के कार्यकर्ता ही उनके साथ उपवास कार्यक्रम में शामिल रहे। दोनों कार्यक्रम सुबह 10 बजे से शाम करीब 5 बजे तक चले। सामाजिक सौहार्द के नाम आयोजित हुए इन कार्यक्रमों से कांग्रेस की गुटबाजी एक बार फिर से जगजाहिर हुई है।
अपने-अपने गुट के लगाए पोस्टर
दोनों ही पक्षों के द्वारा अपने-अपने गुट के नेताओं के पोस्टर कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए थे। यादव धर्मशाला में आयोजित कार्यक्रम में रमेश वाल्मिकी के द्वारा सोनिया और राहुल के अलावा केवल अशोक तंवर के फोटो बैनर पर लगवाए गए थे तो वहीं, हुड्डा गुट के कार्यक्रम स्थल पर लगे बैनर में सोनिया-राहुल के अलाव पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा और दीपेंद्र हुड्डा का फोटो लगाया गया था। वहीं गीता भुक्कल भी मुख्य तौर पर इन फोटो में शामिल थीं।
घर में भी कर सकते हैं उपवास : हुड्डा
उपवास कार्यक्रम के दौरान कांग्रेसी गुटबाजी को लेकर सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि सामाजिक सौहार्द के लए उपवास रखा जाना था। अगर किसी की इच्छा है तो वह दूसरी जगह तो क्या, घर में उपवास रख सकता था। कांग्रेसी कार्यकर्ता पार्टी को मजबूत करने के लिए जुटे हुए हैं। शहर में कार्यक्रम जितने अधिक हों, उतना ही सही है।
प्रदेशाध्यक्ष ने लगाई थी जिम्मेदारी : वाल्मीकि
उपवास को लेकर अशोक तंवर ने जिम्मेदारी लगाई थी। उन्हें यादव धर्मशाला में कार्यक्रम आयोजित होने का संदेश मिला था तो उन्होंने यादव धर्मशाला में कार्यक्रम रखा था। कार्यक्रम में पार्टी के काफी कार्यकर्त्ता शामिल हुए हैं। गुटबाजी से उन्हें कोई लेनादेना नहीं है, वे पार्टी प्रदेशाध्यक्ष के आदेशों को मानते हैं। उन्हीं आदेशों को उन्होंने पालना की है।
- रमेश वाल्मीकि, नेता, कांग्रेस।