अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
मनु भाकर के गांव गोरिया में अंतरराष्ट्रीय स्तर की शूटिंग रेंज बनाई जानी चाहिए। यहां से काफी छात्राएं शूटिंग में आगे निकल सकती हैं। शूटिंग रेंज अगर सरकार बनाती हैं तो वे इसके लिए 21 लाख रुपये अपने कोटे से देंगे। यह बात सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने पत्रकार वार्ता के दौरान कही।
वे सोमवार को श्रीकृष्ण यादव धर्मशाला में कांग्रेस पार्टी के उपवास कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आए थे। इस दौरान हुड्डा ने कहा कि मनु भाकर शानदार खिलाड़ी है, ऐसी प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। वे 16 अप्रैल को गौरिया गांव में होने वाले सम्मान समारोह में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रदेश की खेल नीति को सुधारा था, जिसका परिणाम है कि अब मेडल लिस्ट में प्रदेश का नाम सबसे ऊपर आता है।
वर्तमान सरकार ने सब्जी की तरह बेची नौकरियां
एचएसएससी के कार्यालय में सामने आए फर्जीवाड़े पर उन्होंने कि वर्तमान सरकार में नौकरियां सब्जियों की तरह बेची गई हैं। जिस पर प्रकार सब्जी मंडियों में सब्जियों के भाव तय होते हैं, उसी प्रकार इस सरकार में नौकरियों के भाव फिक्स थे। सीएम जांच करवाने की बात कह रहे हैं, लेकिन यह हास्यप्रद है। एसएसएससी के चेयरमैन की ऑडियो के वायरल होने के बावजूद उनका कार्यकाल बढ़ाना साफ कर रहा है कि सीएम ने ऐसा करने के लिए खुली छूट दे रखी थी।
इस मौके पर विधायक गीता भुक्कल, एडवोकेट राज सिंह जाखड़, कुलदीप वत्स, यूथ कांग्रेस के जिला प्रधान दीपक धनखड़, एडवोकेट विकास अहलावत, एडवोकेट नरेश सहरावत सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।