होली पर हुड़दंग करने वाले लोगों को जेल जाना पड़ सकता है। क्षेत्र के सभी थाना व चौकियों के प्रभारियों को एसपी की ओर से हुड़दंगियों पर नजर रखने और उनकी धरपकड़ करने के कड़े निर्देश दिए हैं। कहीं पर कोई बवाल न हो, इसके लिए भी पुलिस को चौकन्ना रहने के लिए कहा गया है। निगरानी के लिए पुलिस होली(दुलहेंडी पर्व) खेलने पर चौक-चौराहों व गली-मोहल्लों में गश्त करेगी। इसके लिए पीसीआर और राइडर को तैनात किया गया है। क्षेत्र के सभी नाकों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
होली पर्व के मद्देनजर पुलिस ने सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। थानों की पुलिस के साथ ही अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। आरएएफ के जवान भी तैनात रहेंगे। बाइक सवार पुलिसकर्मी गली-मोहल्लों में गश्त करेंगे। एसपी राजेश दुग्गल ने शराब तस्करों को पकडने के लिए थाना प्रभारियों को कड़े निर्देश दिए गए हैं। पुलिस की विशेष तौर पर होली के दौरान हुड़दंग करने वालों पर पैनी नजर रहेगी। अगर किसी ने हंगामा किया तो उनकी गिरफ्तारी तय है। उन्हें जेल भी जाना पड़ सकता है। यही नहीं संवेदनशील स्थानों से लेकर हर चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। बहादुरगढ़ क्षेत्र में 30 नाके लगाए गए हैं। इसके अलावा अलग-अलग स्थानों के लिए राइडर और पीसीआर तैनात किए गए हैं।
डीएसपी पवन शर्मा ने कहा कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार का हुड़दंग न हो, इसके लिए पुलिसकर्मियों को तैनात कर दिया गया है। बहादुरगढ़ क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर नाके लगाए गए हैं। साथ ही होली का पर्व कोरोना की गाइडलाइन को ध्यान में रखते हुए मनाया जाएगा। यदि किसी स्थान पर सरकार की गाइडलाइन का पालन नहीं हुआ तो कार्रवाई की जाएगी।