कोरोना की जांच के लिए सैंपल लेते स्वास्थ्य कर्मी। संवाद
- फोटो : Jhjhar
झज्जर। कोरोना संक्रमितों के आंकड़ों में हर रोज तेजी इजाफा होने लगा है। प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की तरफ से चाहे कितने ही प्रयास किए जाए वह कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए कम दिखाई दे रहे हैं। कोरोना के बढ़ते संक्रमितों को देखा जाए तो लोग कोरोना संक्रमण के फैलाव को रोकने में कोई योगदान देते दिखाई नहीं दे रहे हैं। कहीं न कहीं लापरवाही हो रही है, जिससे कोरोना के संक्रमितों का आंकड़ा निरंतर बढ़ रहा है। शनिवार को 18 महिलाओं व 18 विद्यार्थियों सहित 70 नए कोरोना संक्रमित मरीज पाए गए हैं। वहीं 26 को छुट्टी दे दी गई है। एक्टिव केसों को देखा जाए तो इनकी संख्या बढ़कर 373 हो गई है। जबकि संक्रमितों के आंकड़ेे में इजाफा होकर 6486 पहुंच गया है। इन लोगों में से अब तक 6009 लोग ठीक हो चुके हैं। विभाग की तरफ से एडवाइजरी जारी करने के बाद भी लोग लापरवाही बरत रहे हैं। अधिकांश लोग न तो मास्क का प्रयोग कर रहे हैं। सोशल डिस्टेंस की तो जमकर धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमों की तरफ से निरंतर रूप से सैंपलिंग का कार्य किया जा रहा है। वहीं सोमवार को कोरोना से बचाव के लिए मेगा टीकाकरण शिविर का आयोजन किया जाएगा।
विभाग की तरफ से निर्धारित किए गए नियमों का पालन करें। कोरोना संक्रमण के मरीज निरंतर बढ़ रहे हैं। संक्रमण को बढ़ने से रोकने के लिए आम जन सहयोग करें। वहीं टीकाकरण के लिए बढ़-चढ़कर आगे आएं।
- डॉ. संजय दहिया, सीएमओ, झज्जर।