अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
गांव परनाला में वीरवार दोपहर संदिग्ध परिस्थितियों में गोली चलने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवक पर जानलेवा हमला हुआ या उसने खुद गोली चलाई, अभी यह पुष्टि नहीं हो पाई है। देर रात तक घायल के बयान नहीं हो पाए थे। पुलिस मामले की जांच में लगी हुई थी।
जानकारी के अनुसार गांव परनाला निवासी सन्नी (21) वीरवार दोपहर परनाला फाटक से घर की तरफ आ रहा था। बताया जा रहा है कि जब वह सरकारी स्कूल के पास पहुंचा तो बाइक सवार दो नकाबपोश युवकों ने उसे रुकवा लिया और पिस्तौल तान दी। जब सन्नी भागने लगा तो युवक ने पीछे से गोली चला दी। गोली सन्नी की जांघ में लगी। गोली चलाने के बाद दोनों नकाबपोश युवक भाग गए। लोगों ने सन्नी को संभाला और उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां आपरेशन के बाद गोली निकाल दी गई। उधर, सुनने में यह भी आ रहा है कि युवक को स्कूल परिसर में गोली मारी है। जिस पिस्तौल से गोली चली है, वह भी स्कूल प्रांगण में मिली है। घटना के पीछे दो स्थानों का नाम सामने आने व हथियार मिलने से पुलिस भी सकते में है।
कई पहलुओं पर जांच जारी
लाइनपार थाना प्रभारी एसआई कुलबीर सिंह ने कहा कि जब सूचना मिली तो युवक अस्पताल में था। मौके पर पहुंच कर भी साक्ष्य जुटाए गए हैं। मामला संदिग्ध लग रहा है। इसलिए कई पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। अभी तक युवक की ओर से बयान नहीं दिए गए हैं। बयान एवं जांच पूरी होने के बाद ही घटना के असल कारणों का पता चल पाएगा। जल्द से जल्द इस मामले को सुलझा लिया जाएगा।