अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
रोहतक की सुनारिया जेल में सीबाआई कोर्ट द्वारा डेरा प्रमुख को सुनाई जाने वाली सजा के मद्देनजर सुरक्षा संबंधी पूरी तैयारियां कर ली गई हैं। रविवार को झज्जर के एसएसपी बी सतीश बालन ने तैयारियों को जांचने के लिए पुलिस अधिकारियों की बैठक ली। एसपी के द्वारा पूरे जिले को दो हिस्सों झज्जर व बहादुरगढ़ डिवीजन में बांटकर, जिले की सीमाओं सहित अंदरुनी क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक एवं पुख्ता प्रबंध करने के कड़े दिशा-निर्देश किए गए जिसमें 2 स्तरीय नाकेबंदी तथा लगातार कड़ी निगरानी एवं मुस्तैदी के साथ गश्त पार्टियों को तैनात किया जाए। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि झज्जर जिले का कोई भी मार्ग बिना पुलिस की जांच व कड़ी निगरानी के खाली नहीं रहना चाहिए, जो रोहतक की सीमा में प्रवेश करता हो। जिले के चारों तरफ की सीमाओं पर नाकाबंदी करके कड़ी निगरानी रखी जा रही है। प्रत्येक वाहन की गहनता से जांच करते हुए प्रत्येक संदिग्ध व्यक्ति से पूछताछ की जाएगी।
रोहतक जाने वाले वाहनों पर रहेगी विशेष निगाह
एसएसपी बी सतीश बालन ने रोहतक जाने वाले प्रत्येक वाहन पर कड़ी निगाह रखने के निर्देश दिए हैं। प्रत्येक वाहन वह संदिग्ध व्यक्ति की गहनता से जांच उपरांत ही आगे जाने दिया जाएगा। झज्जर तथा बहादुरगढ़ शहरी क्षेत्र में यातायात किसी तरह से बाधित ना हो इसके लेकर भी दिशा निर्देश दिए हैं। यातायात को सामान्य बनाए रखने के लिए विशेष सुरक्षा नाकों पर तैनात पुलिस बल को चेकिंग के कड़े निर्देश दिए हैं।
एसएसपी ने दिए सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध करने के निर्देश
रविवार को एसएसपी बी सतीश बालन ने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में एसएसपी बी सतीश बालन ने जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए किए गए सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया। एसएसपी ने सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध करने के दिशा निर्देश दिए। नाकों पर विशेष रूप से प्रशिक्षित जिला पुलिस के सशस्त्र जवानों को हथियारों सहित आवश्यक साजो सामान के साथ तैनात किया जाए। इस अवसर पर बैठक में एसएसपी बी सतीश बालन की मुख्य मौजूदगी में डीएसपी राजीव कुमार, डीएसपी भगतराम, डीएसपी अजमेर सिंह, डीएसपी जितेन्द्र सिंह तथा अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
असामाजिक तत्वों पर रहेगी कड़ी निगरानी
एसएसपी बी सतीश बालन द्वारा पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जिला में आमजन की जान व माल की सुरक्षा को सुनिश्चित करने को लेकर हर संभव कार्रवाई की जाए। आपराधिक एवं असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाए। किसी भी तरह की अफवाह फैलाने वाले लोगों को बहकाने तथा भड़काने वाले असामाजिक शरारती तत्वों पर विशेष निगाह रखी जाए।
पुलिस टुकड़ी के कार्य को सराहा
कानून व्यवस्था एवं शांति बनाए रखने के लिए विशेष रुप से पंचकूला पहुंचे झज्जर पुलिस के सशस्त्र जवानों की टुकड़ियों द्वारा किए गए बेहतरीन कार्य की प्रशंसा करते हुए एसएसपी बी सतीश बालन ने सभी पुलिस कर्मचारियों व अधिकारियों को शाबाशी दी। डेरा प्रमुख की पेशी के मद्देनजर सुरक्षा शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पंचकूला में गए झज्जर पुलिस की टुकड़ियों ने अनुशासित ड्यूटी का नमूना पेश करते हुए कानून एवं व्यवस्था को बनाए रखने के लिए सराहनीय कार्य किया गया।
वर्जन
झज्जर जिला में किसी भी डेरा सच्चा सौदा समर्थक अथवा किसी असमाजिक शरारती तत्व द्वारा यदि कोई शांति व्यवस्था को भंग करने की कोशिश की गई तो ऐसा बिल्कुल नहीं होने दिया जाएगा। किसी भी सूरत में अव्यवस्था अथवा शांति भंग नहीं होने दी जाएगी। जिले में होने वाली हर गतिविधि तथा असामाजिक शरारती तत्वों पर स्थानीय पुलिस द्वारा कड़ी नजर रखी जा रही है। जिले की सीमाओं को चारों तरफ से दो स्तरीय कड़ी नाकाबंदी करके सील कर दिया गया है। नाकाबंदी से गुजरने वाले प्रत्येक वाहन की गहनता से जांच की जा रही है। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा वाहन को जिला की सीमा से रोहतक की तरफ प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।
-बी सतीश बालन, एसएसपी, झज्जर
वर्जन
पंचकूला के घटनाक्रम को देखते हुए झज्जर जिले में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन के पास पर्याप्त पुलिस बल है। जिलावासियों की सुरक्षा के लिए किसी प्रकार की कसर नहीं छोड़ी गई है। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस नाका लगाकर आने-जाने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। बेरी, झज्जर, बहादुरगढ़ व बादली उपमंडलों में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी नियुक्त किए गए हैं। ड्यूटी मजिस्ट्रेट को आदेश दिया जा चुका है कि अपने-अपने स्थानों पर मौजूद रहें। सुरक्षा व्यवस्था व निगरानी के कार्य में तैनात सभी अधिकारी व कर्मचारी सजग व सतर्क रहें। उन्होंने कहा कि झज्जर जिले की सीमाएं देश की राजधानी के साथ सटी हुईं हैं, इसलिए यह जिला सुरक्षा के लिहाज अधिक संवेदनशील हो जाता है।
-सोनल गोयल, डीसी, झज्जर।
दो डिवीजन में बांटा जिला, 46 जगह नाके लगाकर सीमा सील
-हथियारों के साथ पुलिस जवान होंगे नाकों पर तैनात
-किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा वाहन को बिना जांच के नहीं निकलने दिया जाएगा
फोटो संख्या-5 से 8