अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
शहर के गोरैया पेट्रोल पंप पर सीएनजी स्टेशन बनकर पूरी तरह तैयार हो चुका है। मगर अभी यहां पर लोगों को सीएनजी नहीं मिल रही, क्योंकि इंडियन ऑयल कंपनी के साथ स्थानीय पंप पेट्रोल पंप अधिकारियों की रेट को लेकर स्थिति साफ नहीं हो रही है। इंडियन ऑयल कंपनी की ओर से यहां पर सीएनजी स्टेशन बनाया गया है। कंपनी की ओर से रेट भारी मात्रा में बढ़ाने जाने की बात सामने आ रही है तो पंप अधिकारी यह रेट कंपनी को देने को अभी तैयार नहीं है। सीएनजी पंप अधिकारियों का तर्क है कि कंपनी अधिकारियों के साथ रेटों को लेकर बातचीत की जा रही है। उन्हें उम्मीद है कि रेट कम होंगे और पंप जल्द ही चालू हो जाएगा।
बहादुरगढ़ में पहला सीएनजी स्टेशन
शहर में पहला सीएनजी स्टेशन बनकर तैयार हुए कई दिन बीत गए हैं। पेट्रोल पंप अधिकारियाें की ओर से लाखों रुपये इस पर खर्च किए गए हैं। मगर इसका अभी शहरवासियों को कोई लाभ नहीं हो रहा। बहादुरगढ़ व आसपास के गांवों में कुल मिलाकर पांच हजार गाड़ियाें में सीएनजी लगी है। खास बात यह है कि अभी भी प्रतिदिन एक-दो गाड़ियां सीएनजी लगी अथारिटी में पास होने के लिए पहुंच रही हैं। आने वाले समय में सीएनजी की मांग बढ़ना लाजमी है। फिलहाल बहादुरगढ़ में बने सीएनजी स्टेशन पर बूस्टर के माध्यम से सप्लाई दी जाएगी। खपत अधिक होने के बाद यहां पर सीएनजी ऑनलाइन करने का निर्णय कंपनी की ओर से लिया जाएगा।
कंपनी और सीएनजी पंप संचालकों के बीच नहीं बन रहा तालमेल
दरअसल, यहां पर सीएनजी पंप चालू न होने का कारण यह उभरकर सामने आया है। कंपनी व सीएनजी पंप संचालकों के बीच रेट को लेकर स्थिति साफ नहीं हो रही है। इंडियन ऑयल कंपनी की ओर से सीएनजी दिल्ली के रेटों से यहां पर 12 रुपये अतिरिक्त की मांग की गई है तो पेट्रोल पंप कंपनी इस रेट को देने के लिए तैयार नहीं है। सीएनजी पंप अधिकारियों का कहना है कि बहादुरगढ़ से केवल तीन किलोमीटर दूरी पर दिल्ली स्थित है। ऐसे में वहां पर 38 रुपये 15 पैसे प्रति किलोग्राम के हिसाब से मिलती है। जबकि यहां पर कंपनी 12 रुपये अतिरिक्त के हिसाब से 50 रुपये 15 पैसे किलोग्राम से सीएनजी देने की बात कह रही है। इस लिहाज से यहां पर इतनी महंगी सीएनजी नहीं बिकेगी।
क्या कहते हैं अधिकारी
स्थानीय गोरैया पेट्रोल पंप के इंचार्ज दिनेश मलिक का कहना है कि अभी रेटों को लेकर कंपनी के उच्चाधिकारियों से बातचीत की जा रही है। गत मंगलवार को रेटों को लेकर मीटिंग होनी थी, मगर किसी कारण वह नहीं हो सकी। उन्हें उम्मीद है कि यहां पर सीएनजी के रेटों में कमी की जाएगी। रेट तय होने के बाद ही सीएनजी पंप चालू हो पाएगा।
- कंपनी के साथ रेट तय नहीं होने से चालू नहीं हो रहा सीएनजी पंप
- तीन किलोमीटर दूर दिल्ली में मिल रही 38 रुपये किलोग्राम सीएनजी
- सीएनजी पंप लगाने वाली कंपनी यहां 50 रुपये किलोग्राम गैस देने पर अड़ी