अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। डी-प्लान के तहत नगर परिषद शहर के अलग-अलग हिस्सों में 85 एलईडी और दो हाईमास्ट लाइटें लगाई जाएंगी। इसके लिए कागजी खाका तैयार कर नप अधिकारियों ने टेंडर प्रक्रिया भी पूरी कर ली है। इस प्रोजेक्ट पर 18.32 लाख रुपये की राशि खर्च होगी और वर्कआर्डर भी जारी हो चुके हैं। अगले सप्ताह से एजेंसी इस पर काम शुरू कर देगी और यह कार्य 10 फरवरी से पहले पूरा हो जाएगा। नगर परिषद ने रामबाग और दिल्ली रोड गोशाला में हाई मास्क लाइटें लगाने की प्लान तैयार की है।
शहर में नगर परिषद की करीब पांच हजार लाइटें हैं। इनमें से ज्यादातर सोडियम लाइटें हैं। बिजली की बचत करने के लिए नगर परिषद पूरे शहर में एलईडी लगवाने का काम अलग-अलग चरणों में करवा रही है। इसके तहत ही नगर परिषद ने शहर के तीन वार्डों का चयन एलईडी लाइटों के लिए किया है। गत दिनों ही इंजीनियरिंग शाखा ने इनके एस्टिमेट तैयार कर आला अधिकारियों को सौंपे थे। इसके बाद इनकी टेंडर लगाए गए थे। ये टेंडर ओपन कर अलॉट किए जा चुके हैं और आगामी तीन-चार दिनों में धरातल पर काम शुरू करवा दिया जाएगा। इसके तहत वार्ड तीन में करीब 35 एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी। इसके अलावा वार्ड 14 में दो अलग-अलग जगहों पर और वार्ड-19 में एलईडी लगवाने का रास्ता भी टेंडर अलॉटमेंट के चलते साफ हो गया है।
हाल ही में नगर परिषद ने शहर के प्रमुख रोहतक राड, घिकाड़ा रोड, गांधी नगर व विधायक राजदीप वाली गली में सात मीटर ऊंचे पोल पर एलईडी लाइटें लगवाई हैं। इसी कड़ी में ऐसी अन्य सड़कों व गलियों का चयन भी किया जा रहा है जहां स्ट्रीट लाइटें ही नहीं लगी है। इसके लिए करीब दो माह पूर्व पार्षदों से सुझाव भी मांगे गए थे। इस पर कुछ पार्षदों ने अपने वार्ड की ऐसी गलियों की लिखित में जानकारी नप अधिकारियों को दी थी। अब नगर परिषद लाइटों संबंधी छह काम डी-प्लान के तहत कराने जा रही है और इस पर 18.32 लाख रुपये लागत आएगी। इसके बिल बाद में अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय में भुगतान के लिए भेजे जाएंगे। स्पष्ट निर्देश हैं कि यह काम 10 से 15 फरवरी तक हर हाल में पूरा हो जाना चाहिए।
किस जगह लगेंगी लाइटें
जगह लाइटों की संख्या अनुमानित लागत
वार्ड-14 10 4 लाख
वार्ड-3 35 4 लाख
वार्ड-19 20 2 लाख
वार्ड-14 20 2 लाख
रामबाग हाई मास्क 3.87 लाख
श्रीकृष्ण गोशाला हाई मास्क 3.45 लाख
डी-प्लान के तहत कराए जाएंगे 13 काम
स्ट्रीट व हाई मास्क लाइटों के छह कामों के अलावा नगर परिषद डी-प्लान के तहत सात और काम भी कराएगी। इसमें सिटी पुलिस थाने की कच्ची जगह को पक्का कराना, गलियों व सड़कों का निर्माण व कुछ जगहों पर पैच वर्क शामिल हैं।
हम डी-प्लान के तहत 13 काम कराएंगे जिनके टेंडर प्रक्रिया हो चुकी है। काम पूरा होने के बाद बिल एडीसी ऑफिस भेजे जाएंगे ताकि एजेंसी का भुगतान हो सके। - बिजेंद्र सिंह, एलआई, नगर परिषद