अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। नाई की दुकान (सैलून शॉप) के बाहर अवैध हथियार लिए खड़े युवक को स्पेशल स्टाफ ने काबू कर लिया। पुलिस टीम ने यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की और आरोपी से 315 बोर की पिस्तौल बरामद हुई है। उसके खिलाफ सिटी पुलिस थाने में आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया और वीरवार को उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेजा गया।
पुलिस प्रवक्ता अशोक कुमार ने बताया कि स्पेशल शाखा प्रभारी शमशेर सिंह को बुधवार शाम गुप्त सूचना मिली थी बधवाना गेट क्षेत्र निवासी मोनू उर्फ बुड्ढ़ा अवैध हथियार रखता है और अगर अभी रेड की जाए तो उसे पकड़ा जा सकता है। इसके तुरंत बाद स्पेशल सेल प्रभारी ने हेड कांस्टेबल राजकूप के नेतृत्व में एक टीम गठित की और संभावित जगह पर दबिश दी। इस दौरान संदेह के आधार पर पुलिस ने जब एक युवक की तलाशी ली तो उसकी जेब से 315 बोर की पिस्तौल बरामद हुई। आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम मोनू उर्फ बुड्ढ़ा बताया। इसके तुरंत बाद पुलिस टीम उसे सिटी पुलिस थाने ले आई और वहां उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया। पुलिस ने वीरवार सुबह आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उसे कोर्ट में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।