विधायक ने किया बिरही स्कूल का निरीक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
इनेलो विधायक राजदीप फौगाट ने शुक्रवार को गांव बिरहीं कलां के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षण सुविधाओं के बारे में पूछा और स्टाफ सदस्यों से बात की। विधायक ने एक साल पहले सीएम द्वारा इस स्कूल की नई इमारत बनाने की घोषणा के बाद भी न कोई ग्रांट मिलने और न ही कोई काम शुरू होने पर हैरानगी जताई।
विधायक ने कहा कि एक तरफ सरकार शिक्षा स्तर को ऊंचा उठाने की बात करती है दूसरी ओर सीएम घोषणाओं पर भी काम नहीं होता। इन हालातों में शिक्षा व्यवस्था कैसे सुधर पाएगी। स्कूल में स्टाफ भी पूरा नहीं है केवल चार जर्जर हाल कमरों में ही वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चल रहा है। उन्होंने कहा कि ये हालात सरकार के उच्च एवं पुख्ता शिक्षा व्यवस्था के दावों की पोल खोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस बारे में प्रदेश के शिक्षा मंत्री व विभाग के उच्चाधिकारियों को अवगत करवा कर सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी। स्कूल में डेढ़ साल से कोई ग्रांट नहीं आई हैं। इन सब हालातों पर विधायक ने जिला शिक्षा अधिकारी से दूरभाष पर बात की तो उन्होंने इस प्रकार के कोई हालात संज्ञान में न होने की बात कही। विधायक राजदीप फौगाट ने विद्यार्थियों, स्टाफ सदस्यों व ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि इस संबंध में हर संभव कदम उठाते हुए समाधान कराया जाएगा। इस मौके पर सरपंच बिमला देवी, पृथ्वी नंबरदार, महेंद्र सिंह, उमेद, बलराम पंच, सुरेश, राजल, अतर सिंह, धनपत, नीटू, प्राचार्या नीलम देवी, रामनिवास मिर्च भी मौजूद थे।